बांदा में 'ऑपरेशन लंगड़ा' से हांफे अपराधी, 15 मुठभेड़ में 41 बदमाश भेजे गए जेल
बांदा जिले में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 15 मुठभेड़ों में 41 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के नेतृत्व में 'ऑपरेशन लंगड़ा' के तहत अपराधियों पर नकेल कसी जा रही है। दुष्कर्म के मामलों में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उन्हें जेल भेजा है।

जागरण संवाददाता, बांदा। दुष्कर्म, लूट व छिनौती की घटना करने वालों पर जिले की खाकी ने सबसे ज्यादा गोली चलाई है। एक साल में पुलिस ने 15 बार अपराधियों से मुठभेड़ की है। 41 अपराधियों को पुलिस ने जेल भेजा है। साल भर की घटनाओं में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म करने के सर्वाधिक मामले रहे हैं। आपरेशन लंगड़ा अभियान के जरिए अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की गई है।
वर्ष 2023 में जहां पुलिस ने कुल सात मुठभेड़ में 10 आरोपितों को पकड़कर जेल भेजा था। वहीं वर्ष 2024 में यह अभियान फीका रहा। इस पूरे साल में कोई मुठभेड़ का मामला सामने नहीं आया था। लेकिन 2025 में जब से एसपी पलाश बंसल ने जिले की कमान संभाली है। अपराधियों के तुरंत मुठभेड़ में गिरफ्तार होने के मामलों में तेजी आई है। अपराधी मुठभेड़ की घटनाओं से ज्यादा सक्रिय नहीं रह पा रहे हैं।
अपराधियों पर नकेल कसने के लिए उनकी गिरफ्तार कराने में विशेष फोकस रहता है। इसके लिए संयुक्त टीम गठित की जाती है। कई बार मुठभेड़ भी बदमाशों से पुलिस की होती है। लेकिन उन्हें हर हाल में जेल भेजा जाता है।
पलाश बंसल एसपी, बांदा
तीन वर्षों में मुठभेड़ की स्थिति
| वर्ष | मुठभेड़ | अपराधी जेल भेजे गए |
|---|---|---|
| 2023 | 7 | 10 |
| 2024 | 0 | 0 |
| 2025 | 15 | 41 |
| कुल मुठभेड़ | 22 | 51 |
केस एक -
चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन जून 2005 की शाम तीन वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोसी सुनील निषाद ने अपने घर में दुष्कर्म किया था। बाद में उसे बर्फ की पेटी में भरकर जंगल में फेंक आया था। बच्ची की बाद में मौत हो गई थी। चार जून की तड़के पुलिस ने अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस की प्रभावी पैरवी से दोषी को फांसी की सजा सुनाई जा चुकी है। उसका घर भी ध्वस्त किया गया था।
केस दो -
कालिंजर थाना के एक गांव निवासी छह वर्षीय बच्ची के साथ महोरछा गांव निवासी अमित रैकवार ने दुष्कर्म की घटना 25 जुलाई को की थी। पुलिस आरोपित को जंगल में घेर कर मुठभेड़ में अगले दिन 26 जुलाई को गिरफ्तार किया था। आरोपित के पैर में गोली लगने से वह घायल हुआ था।
केस तीन -
नगर कोतवाली के एक गांव निवासी 15 वर्षीय छात्रा को तीन अगस्त की शाम शहर से कोचिंग पढ़कर घर जाते समय टेंपों सवार उसी के गांव के कल्लू व बबेरू के अनिल ने सूनसान जगह ले जाकर दुष्कर्म किया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को चार घंटे के अंदर मुठभेड़ में गोली पैर में लगने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।