Banda : भीड़ ज्यादा होने पर SDM ने खाद बांटने से रोका, गुस्साए किसानों ने उठाया ये बड़ा कदम
बांदा-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर खाद उपलब्ध होने के बावजूद वितरण न होने से नाराज किसानों ने सुबह 10 बजे जाम लगा दिया। पुलिस ने समझा-बुझाकर जाम हटवाया। डीएपी की उम्मीद में घंटों लाइन में खड़े रहे किसान, कर्मचारियों के न आने से निराश होकर घर लौट गए।
-1760785641932.webp)
संवाद सहयोगी, जागरण अतर्रा। खाद होने के बावजूद वितरण न होने से आक्रोशित किसानों ने सुबह करीब 10 बजे बांदा-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। कई घंटे डीएपी वितरण की आस में किसान क्रय विक्रय सहकारी समिति में लाइन में खड़े रहे, लेकिन कर्मचारियों के न आने पर मायूस हो घर लौट गए।
क्षेत्र का किसान एक एक बोरी डीएपी खाद की आस में दर दर भटक रहा है। केंद्र में आने के बाद भी समय से खाद का वितरण नही हो रहा है। अधिकारियों की मनमानी किसानों को चक्कर लगवा रही है। शुक्रवार की रात्रि क्रय विक्रय सहकारी समिति में पांच सौ बोरी डीएपी आई। जिसकी जानकारी होने पर सुबह से ही किसान समिति में पहुंच गए, लेकिन दस बजने के बाद भी वितरण शुरू नही हुआ। समिति के कर्मचारी आए। और रविवार को वितरण करने को पोस्टर चस्पा कर केंद्र बंद कर जाने लगे।
वितरण ना करने का पूछा कारण
किसानों ने जब कर्मचारियों से डीएपी होने के बावजूद वितरण न करने का कारण पूछा। तब उन्होंने सचिव के निर्देश के कारण वितरण न होने की बात कही। जिस पर किसान आक्रोशित हो गए। समिति के बाहर ही बांदा-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर जाम लगा दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
तभी करीब 15 मिनट बाद ही समाधान दिवस में जा रही पुलिस की जीप भी जाम में फंस गई। और एसआई प्रेमपाल सिंह ने किसानों से जाम लगाने का कारण पूछा। तब किसानों ने डीएपी होने के बावजूद वितरण न होने की बात कही। जिसके बाद प्रेमपाल सिंह ने केंद्र के सचिव राम सिंह से मोबाइल पर खाद वितरण की जानकारी की। जिसपर केंद्र के सचिव राम सिंह ने एसडीएम के निर्देश पर खाद वितरण रविवार को करने की बात कही।
पुलिस ने किसानों को समझा बुझाकर जाम खुलवाया। उसके बावजूद दोपहर तक महिला- पुरुष किसान केंद्र के बाहर खाद मिलने की आस में घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन दोपहर होने के बाद भी केंद्र खुलता न देख मायूस हो अगले दिन की आस में लौट गए। एसडीएम राहुल द्विवेदी का कहना है कि किसानों की भीड़ अधिक होने के कारण वितरण नही कराया गया है। रविवार को सुबह से वितरण कराया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।