Aonla Lok Sabha Seat Result 2024: 20 साल बाद आंवला में दौड़ी साइकिल-जीते नीरज, टूटा धर्मेंद्र का हैट्रिक का सपना
Aonla Lok Sabha Result 202415969 वोटों से जीते नीरज मौर्य। समाजवादी पार्टी ने नीरज मौर्य को मैदान में उतारा था जो शाहजहांपुर के जलालाबाद विधानसभा क्षेत्र से 2007 व 2012 में बसपा के टिकट पर विधायक चुने गए थे। बसपा ने इस सीट पर सपा छोड़कर आए आंवला नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष सैयद आबिद अली को प्रत्याशी बनाया। भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप यहां से तीसरी बार खड़े थे।

जागरण संवाददाता, बरेली। 20 साल बाद आंवला लोकसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी का सूखा खत्म हो गया। 15 हजार 969 वोटों से जीत दर्ज कर नीरज मौर्य ने भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप को हरा दिया। इस हार से धर्मेंद्र का हैट ट्रिक का सपना भी चकनाचूर हो गया।
समाजवादी पार्टी के सिंबल पर साल 1998 में आंवला लोकसभा क्षेत्र से अंतिम बार सर्वराज सिंह सांसद चुने गए थे। 2004 में वह भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के गठबंधन में जदयू के सिबंल से चुनाव लड़े और सांसद बने। 2009 में मेनका गांधी ने भाजपा के सिंबल पर किस्मत आजमाई और सांसद बनीं।
दो बार चुने धर्मेंद्र, तीसरी बार का सपना टूटा
2014 में भाजपा ने धर्मेंद्र कश्यप को प्रत्याशी बनाया, वह सांसद बने। 2019 में भाजपा ने धर्मेंद्र पर फिर भरोसा जताया और वह दूसरी बार सांसद बनकर संसद पहुंचे। 2024 में तीसरी बार भाजपा ने धर्मेंद्र कश्यप पर भरोसा जताया। गठबंधन में समाजवादी पार्टी की ओर से शाहजहांपुर के जलालाबाद सीट से दो बार विधायक रह चुके नीरज मौर्य को प्रत्याशी बनाया गया। इसके पीछे लोकसभा क्षेत्र के जातिगत समीकरण सबसे बड़ा आधार थे। एमवाई यानी मुस्लिम-यादव बेस वोट बैंक पार्टी के पास था लेकिन, मौर्य-कश्यप, शाक्य व सवर्णों के बीच पहुंच बेहद जरूरी थी। इसके लिए लोकसभा से एक साल पहले ही सपा ने नीरज को आंवला में उतार दिया।
ये भी पढ़ेंः Mathura Lok Sabha Election Result: हेमा मालिनी ने लगाई जीत की हैट्रिक, मथुरा में इंडी गठबंधन को चटाई धूल
हर वर्ग के बीच पहुंचे नीरज
लोकसभा का प्रभारी बनाया जिससे नीरज हर वर्ग के बीच पहुंचे। बसपा ने आंवला नगर पालिका चेयरमैन आबिद अली पर भरोसा जताया जिसके बाद त्रिकोणीय स्थिति जरूर बनी लेकिन, जातिगत समीकरणों के चलते भाजपा व सपा में सीधा मुकाबला तय माना गया। मंगलवार को जब काउंटिंग शुरू हुई, तब यही स्थिति सामने आई। नीरज व धर्मेंद्र के बीच ही सीधा मुकाबला दिखा। दोपहर 12 बजे तक नीरज माैर्य बढ़त बनाए रहे, इसके बाद धर्मेंद्र ने बढ़त बनाई। गिनती जैसे-जैसे आगे बढ़ रही थी दोनों के बीच मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा था। मामूली वोटों से ही दोनों आगे पीछे थे जिससे सभी की निगाहें अंतिम दौर पर जा टिकी।
अंतिम दौर ने नीरज ने फिर बढ़त बनाई जो आखिर तक बरकरार रखी। नतीजा यह हुआ कि नीरज मौर्य ने भाजपा के धर्मेंद्र कश्यप को 15969 वोटों से हरा जीत दर्ज की। नीरज मौर्य को कुल 4 लाख 92 हजार 515 वोट मिले जबकि धर्मेंद्र कश्यप को 4 लाख 76 हजार 546 वोटों से ही संतोष करना पड़ा। बसपा से आबिद अली ने 95 हजार 630 वोट प्राप्त किये।
अन्य प्रत्याशियों से ज्यादा नोटा पर भरोसा
आंवला लोकसभा क्षेत्र में तीन प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के अलावा छह अन्य प्रत्याशी कौशर खान, प्रेमपाल सागर, माखनलाल, राजकुमार पटेल, मोहम्मद आमिर खान व र्निमोद कुमार सिंह मैदान में थे। सभी में कौशर ने सर्वाधिक 4213 मत प्राप्त किये जबकि छह हजार 858 मतदाताओं ने नोटा पर भरोसा जताया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।