बरेली में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खुलेंगे क्रय केंद्र, इतने रुपये में होगी A ग्रेड धान की खरीद
बरेली में धान खरीद की तैयारी पूरी हो गई है। क्रय केंद्र सुबह 9 से शाम 5 बजे तक खुलेंगे। ए ग्रेड धान 2203 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। किसानों को केंद्रों पर सभी आवश्यक सुविधाएँ मिलेंगी ताकि उन्हें कोई परेशानी न हो।

जागरण संवाददाता, बरेली। जिले में धान खरीद एक अक्टूबर से शुरू कर दी गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह ने क्रय केंद्रों की तैयारी की समीक्षा की। कहा कि सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक क्रय केंद्र खुले रहेंगे। उन्होंने कहा कि कल से आनलाइन धान की खरीद आरंभ कराई जाए।
धान का समर्थन मूल्य सामान्य धान 2,369 प्रति क्विंटल और ग्रेड ए धान 2,389 प्रति क्विंटल निर्धारित है।
एडीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान क्रय केंद्रों पर इलेक्ट्रानिक कांटा, नमी मापक यंत्र, विनोइंग फैन, डस्टर आदि उपलब्ध रहे। इलेक्ट्रानिक कांटा सही कार्य कर रहा है या नहीं उसे दैनिक रूप से चेक करते रहें। इसके लिए न्यूनतम 20 किलो का वाट अवश्य रखें, जिससे कांटे का मिलान हो सके। निर्देश दिए कि क्रय केंद्राें पर पर्याप्त संख्या में तिरपाल एवं पालीथिन की व्यवस्था रखी जाए, जिससे किसी भी दशा में धान को सुरक्षित रखा जा सके।
तिरपाल रहें उपलब्ध
किसानों को धान उतारने के लिए तिरपाल उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि किसानों का धान नमी के आधार पर रिजेक्ट करने से पूर्व धान सुखाने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाये। किसानों को बैठने के लिए छायादार स्थान, पीने का पानी आदि की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये।
हाइब्रिड धान के संबंध में कृषक का घोषणा-पत्र अथवा हाइब्रिड बीज खरीद प्रमाण-पत्र, कृषक नामिनी द्वारा अपनी पहचान के लिए लाई गई आधार आइडी एवं नामिनी से कृषक के संबंध को सिद्ध करने वाले अभिलेखों की प्रति रखें। इसके अतिरिक्त आनलाइन क्रय पंजिका, बोरा रजिस्टर, भुगतान विवरण व स्टाक पंजिका सुरक्षित रखें। किसानों का नाम वेटिंग रजिस्टर में अंकित कर टोकन पर्ची उपलब्ध कराई जाए। बैठक में डिप्टी आरएमओ कमलेश कुमार पांडेय, कोआपरेटिव, मंडी समिति समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।