बरेली में 'सिर तन से जुदा' के नारे लगाकर भीड़ को उकसाने वाले दो गैंगस्टर गिरफ्तार, 17 नये उपद्रवियों की पहचान
बरेली में 26 सितंबर को हुए उपद्रव मामले में पुलिस ने 17 नए उपद्रवियों की पहचान की है जिनकी फोन कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुष्टि हुई है। इन सभी के नाम पहले से दर्ज मुकदमों में शामिल किए गए हैं। गैंगस्टर हनीफ और जीशान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है जिन्होंने भीड़ को उकसाया था।

जागरण संवाददाता, बरेली। किस समय खलील चौराहा पहुंचना है, कितने लोगों को गांवों से लेकर आना है...! फोन पर बातचीत करते समय उपद्रवी भूल गए कि कानून उनकी गर्दन तक पहुंच जाएगा। ऐसी फोन कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर पुलिस ने 17 नये उपद्रवियों की पहचान की है। बुधवार को इन सभी के नाम पूर्व से दर्ज मुकदमों में बढ़ा लिए गए। दो अन्य उपद्रवी गैंगस्टर हनीफ और जीशान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इन दोनों ने सिर तन से जुदा नारे लगाकर भीड़ को उकसाया भी था। वीडियो फुटेज में इसकी पुष्टि हुई है।
कानपुर के आइ लव मोहम्मद लिखे पोस्टर विवाद की आड़ में इत्तेहाद ए मिल्लत काउंसिल अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने 26 सितंबर को शहर में उपद्रव कराया था। खलील तिराहा पर उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव-फायरिंग की थी। बारादरी एवं प्रेमनगर क्षेत्र में भी बवाल हुआ था। प्रकरण में 10 मुकदमे दर्ज कर पुलिस मौलाना तौकीर समेत 88 को जेल भेज चुकी थी।
बुधवार को गैंगस्टर हनीफ को पकड़ा। उस पर गोहत्या समेत कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। वह तिलियापुर गांव से भीड़ लेकर खलील तिराहा पहुंचा था। बुधौलिया गांव से आए जीशान ने भी पथराव किया था। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज एवं पुलिस की ओर से बनाए जा रहे वीडियो फुटेज के आधार पर दोनों की गिरफ्तारी की गई।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रफीक बेग, लईक अहमद, शफीले अहमद, मजीद बेग, जाफर, रिजवान, नासिर, शकील, हसीन, दाऊद, शानू, आरिफ, वलीद जिलानी, आरिफ, नईम, फैजान और अफजाल भी उपद्रव में शामिल थे। पूर्व में कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया तो कॉल डिटेल में इन सभी के नंबर थे। इसकी पुष्टि के लिए सभी 17 आरोपितों की कॉल डिटेल भी खंगाली गई। उसमें पता चला कि इन सभी की 25 सितंबर को कई बार फोन पर बातचीत हुई। इसके बाद उपद्रव वाले दिन भी सभी आरोपित संपर्क में थे। फोन लोकेशन ने भी इसे प्रमाणित किया। अब इन सभी के नाम कोतवाली में दर्ज मुकदमे में बढ़ाए गए हैं। आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इनामी नदीम का असलहा लिए फोटो प्रसारित
26 सितंबर को उपद्रव के बाद 125 नामजद एवं तीन हजार अज्ञात पर मुकदमे हुए थे। इसके बाद सात अन्य आरोपितों के नाम खोलकर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। इनामी आरोपितों में शामिल नदीम का बुधवार को अवैध असलहा लिए फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। पुलिस उस पर एक और मुकदमा दर्ज कर सकती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।