Crocodile Attack : पीलीभीत में मगरमच्छ ने किया महिला पर हमला, ग्रामीणों ने बचाया, मची हलचल
Pilibhit Crocodile Attack News पीलीभीत में मगरमच्छ ने महिला पर हमला कर दिया।जिससे लोगों में खलबली मच गई। महिला की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने उसे किसी तरह से बचाया। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया है।

पीलीभीत, जागरण संवाददाता। Pilibhit Crocodile Attack News : पीलीभीत की अमरिया तहसील क्षेत्र के गांव नगरिया कालोनी में मगरमच्छ ने एक महिला पर हमला कर दिया। जिससे वहां खलबली मच गई। शोर सुनकर आए ग्रामीणों ने किसी तरह से महिला को बचाया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है।
रविवार को सुबह गांव निवासी झीरो बराही की पत्नी सुचित्रा बराही शौच के लिए घर के पास बह रही ढबरी नदी किनारे गई थी।नदी किनारे पहले से झाड़ियों में छिपे बैठे मगरमच्छ ने महिला पर हमला कर दिया। महिला चीखने-चिल्लाने लगी।शोर सुनकर महिला का पति गांव के अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गया।
ग्रामीणों ने बमुश्किल महिला को मगरमच्छ के चुंगल से छुड़ाया।इसके साथ ही सामाजिक वानिकी के अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।मौके पर पहुंचे वन दारोगा शैलेंद्र कुमार ने परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली।साथ ही महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती करवाया।
स्थानीय लोगों का कहना है गांव के पास बह रही ढबरी में अक्सर देवहा नदी से निकलकर मगरमच्छ आ जाते हैं। कई बार मगरमच्छ ढबरी से निकलकर आबादी में लोगों के घरों के आसपास झाड़ियों आदि में छिपे रहते हैं। जिनसे हमेशा खतरा बना रहता है।गांव के कई लोग मगरमच्छ के हमले से घायल हो चुके हैं।
उधर, वन दारोगा के अनुसार यहां पर मगरमच्छ की निगरानी के लिए टीम लगाई जा रही है।मगरमच्छ को रेस्क्यू करके देवहा नदी में छोड़ दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि बरसात के मौसम में अक्सर मगरमच्छ नदियों से निकलकर बाहर आ जाते हैं।नदी के आसपास रहने वालों को जागरूक किया जाता है।
कहीं भी मगरमच्छ दिखने पर सूचना देने तथा सतर्क रहने के लिए गांव के लोगों को जागरूक किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।