DLEd Exam Paper Leak : परीक्षा से आधा घंटे पहले ही लीक हाे गया डीएलएड का पेपर, बदायूं की छात्रा ने उपलब्ध कराया था पेपर
DLEd Exam Paper Leak डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन) गणित विषय का पेपर मंगलवार को परीक्षा से आधा घंटे पहले ही लीक हो गया था। बदायूं के उसावा कस्बा स्थित धीमरान मुहल्ले का रहना वाला आरोपित शहनूर ने वाट्सएप के जरिए छात्रों को पेपर उपलब्ध कराया था।

बरेली, जेएनएन। DLEd Exam Paper Leak : डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजुकेशन) गणित विषय का पेपर मंगलवार को परीक्षा से आधा घंटे पहले ही लीक हो गया था। बदायूं के उसावा कस्बा स्थित धीमरान मुहल्ले का रहना वाला आरोपित शहनूर ने वाट्सएप के जरिए छात्रों को पेपर उपलब्ध कराया था। हालांकि, पूछताछ में उसने एक छात्रा तक ही वाट्सएप पर पेपर पहुंचाने की बात कुबूली। इलाहाबाद का रहने वाला आलोक को उसने सरगना बताया। करीब एक साल पहले उससे फेसबुक के जरिए दोस्ती की बात कुबूली। कहा कि उसी के जरिए बरेली ही नहीं कई जनपदों में पेपर लीक हुआ। आरोपित शहनूर के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
11 सितंबर से डीएलएड की चल रहीं परीक्षाएं रिखी सिंह इंटर कालेज, बिशप मंडल, मैथोडिस्ट और साहू गोपीनाथ में आयोजित हो रही हैं। तीन पालियों में आयोजित हो रही परीक्षा में मंगलवार को विज्ञान, गणित व सामाजिक अध्ययन विषय का पेपर था। दोपहर 12 से एक बजे तक दूसरी पाली में गणित विषय की परीक्षा थी। परीक्षा संपन्न होने के कुछ ही देर बाद चर्चा फैल गई कि पेपर से आधा घंटे पहले ही गणित विषय का पेपर लीक हो गया था। वाट्सएप ग्रुपों पर मैसेज चलने लगे। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस तफ्तीश में जुट गई। वाट्सएप ग्रुप के जरिए पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को उठाया।
कड़ी दर कड़ी जुड़ी तो बदायूं के उसावा कस्बे के धीमरान मोहल्ले का रहने वाला आरोपित शहनूर का नाम आया। सर्विलांस से उसकी लोकेशन सैटेलाइट मिली। पुलिस उसे उठा लाई। पूछताछ में उसने कुबूला कि इलाहाबाद के रहने वाले आलोक के जरिए उसने बदायूं की ही रहने वाली छात्रा के लिए पेपर मंगाया था। छात्रा ने पेपर माडल टाउन स्थित रिखी सिंह इंटर कालेज में दिया था। बुधवार को पुलिस शहनूर को लेकर रिखी सिंह इंटर कालेज पहुंची। पूछताछ की गई। पेपर का मिलान कराया गया तो प्रश्नपत्र हुबहू निकला। एसएसपी के आदेश के बाद शहनूर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। गैंग में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस जुट गई है।
आधा घंटे पहले पेपर लीक होने की बात आरोपित ने कुबूली है। आरोपित शहनूर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसके अन्य साथियों की तलाश कराई जा रही है। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।