15 नवंबर से उड़ान भरेगी नई उम्मीद: बरेली से नवी मुंबई तक एयर इंडिया की सीधी सेवा
एयर इंडिया 15 नवंबर से बरेली और नवी मुंबई के बीच सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। इस सेवा से दोनों शहरों के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा और व्यापार व पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यह एयर इंडिया की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
-1762256952318.webp)
जागरण संवाददाता, बरेली। लोगों के लिए हवाई यात्रा के क्षेत्र में एक नई उम्मीद जागी है। अब एयर इंडिया जल्द ही बरेली एयरपोर्ट से नवी मुंबई के लिए सीधी उड़ान शुरू करने जा रही है। यह सेवा पहले 15 अक्टूबर से शुरू की जानी थी, लेकिन नवी मुंबई एयरपोर्ट का निर्माण कार्य पूरा न होने के कारण उड़ान फिलहाल टल गई थी। अब संभावना है कि यह सेवा 15 नवंबर तक शुरू हो जाएगी।
इस उड़ान के शुरू होने से बरेली ही नहीं, बल्कि आसपास के जिले जैसे पीलीभीत, बदायूं, शाहजहांपुर और रामपुर के यात्रियों को भी सीधी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में बरेली एयरपोर्ट से केवल इंडिगो एयरलाइंस की ही उड़ानें संचालित हो रही हैं, जो मुंबई के पुराने एयरपोर्ट (छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) और बेंगलुरु के लिए हफ्ते में चार दिन उड़ान भरती हैं।
नवी मुंबई रूट के लिए मिली डीजीसीए से अनुमति
एयरपोर्ट अथारिटी आफ इंडिया (एएआइ) के अधिकारियों के मुताबिक, नवी मुंबई रूट के लिए डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) से अनुमति मिल चुकी है। इस रूट पर एयर इंडिया का एयरबस विमान उड़ान भरेगा। इससे यात्रियों को सीधा और तेज कनेक्शन मिलेगा। खासकर उन लोगों को जो नवी मुंबई या उसके आसपास के क्षेत्रों जैसे पनवेल, बेलापुर, नेरुल और वाशी में रहते या काम करते हैं।
बता दें, अब तक इंडिगो की जो उड़ानें मुंबई के लिए संचालित हो रही हैं, वे केवल पुराने एयरपोर्ट (अंधेरी स्थित) तक जाती हैं, जबकि नवी मुंबई से उसकी दूरी लगभग 40 किलोमीटर से अधिक है। इस कारण यात्रियों को वहां तक पहुंचने में अतिरिक्त समय और खर्च लगता है। नई उड़ान सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सीधे नवी मुंबई पहुंचने की सुविधा मिलेगी, जिससे यात्रा का समय लगभग डेढ़ घंटे तक कम हो सकता है।
स्लाट आवंटन मिला, नहीं हुई औपचारिक बैठक
हालांकि एयर इंडिया की ओर से अभी तक एयरपोर्ट अथारिटी को औपचारिक संचालन तिथि नहीं बताई गई है लेकिन अधिकारियों का दावा है कि यह सेवा 15 नवंबर तक शुरू हो जाएगा। एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि डीजीसीए से अनुमति और स्लाट आवंटन मिल चुका है, लेकिन एयर इंडिया के प्रतिनिधियों ने अब तक औपचारिक बैठक नहीं की है। जैसे ही वे संपर्क करेंगे, आगे की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएग।
सूत्रों के अनुसार, एयर इंडिया इस रूट पर अपने एयरबस एक 320 या ए 321 विमान का उपयोग कर सकती है, जिनकी क्षमता 180 से 232 सीटों तक होती है। ये विमान घरेलू उड़ानों के लिए आदर्श माने जाते हैं। बरेली एयरपोर्ट का विकास हाल के वर्षों में तेजी से हुआ है। अथारिटी यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
व्यापारियों और औद्योगिक वर्ग ने बताया बड़ी सौगात
नए टर्मिनल बिल्डिंग, वेटिंग लाउंज, और सुरक्षा ढांचे को आधुनिक स्वरूप दिया जा रहा है। स्थानीय व्यापारियों और औद्योगिक वर्ग ने नवी मुंबई रूट को एक बड़ी सौगात बताया है। उनका कहना है कि मुंबई भारत की आर्थिक राजधानी है, और बरेली के कई व्यापारी वहां नियमित व्यापारिक कार्यों के लिए जाते हैं। अब सीधी उड़ान मिलने से समय और लागत दोनों की बचत होगी।
यात्रियों के अनुसार, इंडिगो की मौजूदा उड़ानें अक्सर फुल रहती हैं और सीटें मिलना मुश्किल हो जाता है। एयर इंडिया की उड़ान शुरू होने से यात्रियों को नया विकल्प मिलेगा और प्रतिस्पर्धा बढ़ने से किराए में स्थिरता आने की उम्मीद है।
नवी मुंबई के लिए अब तक कोई उड़ान नहीं थी। इंडिगो की जो सेवाएं अभी हैं, वह अंधेरी मुंबई तक ही संचालित हो रहीं थी। नवी मुंबई एयरपोर्ट तक एयर इंडिया का एयरबस जाने से यात्रियों को काफी सुविधा होगी। उम्मीद है कि 15 नवंबर तक सेवा शुरू हो जाएगी।
- अवधेश, अग्रवाल, निदेशक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, सिविल एन्क्लेव, बरेली

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।