Trending

    बरेली की सड़कों पर आधी रात को गूंजा 'इंडिया-इंडिया', संजू सैमसन के तूफान के बाद दिवाली जैसा नजारा, देखें तस्‍वीरें

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 12:59 PM (IST)

    भारतीय टीम की टी20 विश्व कप जीत के बाद बरेली में जश्न का माहौल रहा। भारत ने न्यूजीलैंड को बड़े अंतर से हराकर खिताब जीता। संजू सैमसन के 89 रनों की पारी ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, बरेली। विश्व कप टी-20 के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम की शानदार जीत के बाद शहर में जश्न का माहौल देखने को मिला। भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड टीम को बड़े अंतर से हराकर खिताब अपने नाम किया। शहर के सिद्धार्थ नगर व सुभाष नगर में क्रिकेट प्रेमियों ने तिरंगा रैली निकालकर अपनी भावनाएं व्यक्त की।

    73702497

    रविवार को विश्व कप में भारत का मैच देखने के लिए लोगों में गजब का उत्साह रहा। शहर के सिविल लाइंस, कैंट, डीडी पुरम, प्रेमनगर, श्यामगंज बाजार, प्रेमनगर, बारादरी, इज्जतनगर, सूद धर्मकांटा सहित कई स्थानों पर लोगों ने एलईडी स्क्रीन और प्रोजेक्टर लगाकर मैच देखने की व्यवस्था की। कई जगहों पर क्लबों, दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

    73699725

    जैसे-जैसे मैच रोमांचक होता गया, दर्शकों का उत्साह भी बढ़ता गया और हर चौके-छक्के पर लोग तालियां बजाते और जयकारे लगाते नजर आए। मैच समाप्त होते ही शहर के कई इलाकों में लोगों ने पटाखे जलाए, मिठाई बांटी, तिरंगा रैली निकालकर और एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी का इजहार किया।

    73702194

    भारतीय टीम के मैच जीतते ही बिहारीपुर व किशोरपुर में लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। देर रात तक लोग पटाखे, फुलझड़ी आदि जलाते रहे। फाइनल मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आक्रामक प्रदर्शन किया। टीम की ओर से संजू सैम्सन ने शानदार 89 रन की पारी खेली, जिसके बदौलत भारत ने 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

    73702462

    मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ियों ने चौके-छक्के की बौछार कर दी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 19 ओवर में 159 रन बनाकर आल आउट हो गई। इस तरह भारत ने बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए विश्व कप अपने नाम कर लिया।

    73702441

    भारत की जीत के साथ ही पूरे शहर में खुशी की लहर दौड़ गई। मैच खत्म होते ही सुभाष नगर सहित कई इलाकों में युवाओं और क्रिकेट प्रेमियों ने जुलूस निकालकर जश्न मनाया। लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ नाचते-गाते हुए जीत का जश्न मनाया। कई स्थानों पर आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटी गईं।

    73702223

    बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई टीम इंडिया की जीत से उत्साहित नजर आया। इंटरनेट मीडिया पर भी लोगों ने भारत की जीत की तस्वीरें और वीडियो साझा कर अपनी खुशी व्यक्त की। क्रिकेट प्रेमियों का कहना था कि भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश का नाम रोशन किया है।

    73700651

    शहरवासियों ने उम्मीद जताई कि आगे भी भारतीय टीम इसी तरह अच्छा प्रदर्शन करती रहेगी और देश को गौरवान्वित करती रहेगी। बरेली क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव सीताराम सक्सेना ने कहा कि भारतीय टीम ने प्रत्येक देशवासी का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।

    यह भी पढ़ें- बरेली में ₹3 करोड़ का बड़ा दांव: अब बाजार से नहीं, यहाँ से आएगा शुद्ध पनीर और पास्ता; जानें क्या है पूरा प्लान