छठ पर रेलवे के इस कदम से ट्रेनों की गति हुई कुछ सुस्त, वजह जानकर आप भी कहेंगे "बढ़िया फैसला"
छठ पर्व पर यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने ट्रेनों की गति को कुछ क्षेत्रों में धीमा कर दिया है। रेलवे प्रशासन ने बताया कि यह फैसला श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए लिया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिए गए इस निर्णय की लोगों ने सराहना की है।

ट्रेनों का परिचालन कासन और सीटी बजाकर किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, पीडीडीयू नगर (चंदौली)। इस बार छठ महापर्व के अवसर पर रेलवे ने डीडीयू रेल मंडल को हाई अलर्ट पर रखा है। मंडल में 50 से अधिक स्थानों पर सरोवर, तालाब और छठ महापर्व के भव्य आयोजन स्थल हैं। इन स्थानों पर ट्रेनों का परिचालन कासन और सीटी बजाकर किया जा रहा है।
रेल मंडल से 24 घंटे के अंतराल में 650 से अधिक मेल, पैसेंजर और मालगाड़ियां संचालित हो रही हैं। छठ महापर्व की भीड़ को देखते हुए मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने स्वयं मास्टर प्लान तैयार किया है। रेलवे द्वारा प्रसारित मीडिया पर एक-एक घंटे का अपडेट भी दिया जा रहा है, जिसका लाभ सीधे यात्रियों को मिल रहा है।
डीआरएम ने प्रमुख भीड़-भाड़ वाले तीन स्टेशनों पर नौ विभाग प्रमुखों को तैनात किया है। इन्हें आठ-आठ घंटे की ड्यूटी देनी होगी। इन अधिकारियों को रियल टाइम मॉनिटरिंग भी करनी है ताकि छठ महापर्व पर होने वाली भीड़ को सुचारू रूप से संभाला जा सके।
यह व्यवस्था दीपावली से ही लागू की गई है और 15 नवम्बर तक जारी रहेगी। वापसी की भीड़ को भी इन अधिकारियों की जिम्मेदारी में रखा गया है। वार रूम में पीडीडीयू, चंदौली, गया, सासाराम, भभुआ और डेहरी आन सोन स्टेशनों पर पैनी नजर रखी जा रही है।
छठ पर्व के दौरान तालाबों की सफाई, लाइटिंग और सुरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय स्तर पर सुनिश्चित की गई है। डीडीयू रेल मंडल में आने वाले तालाबों की सफाई व्यवस्था को प्राथमिकता दी गई है। रेलवे भूमि पर आने वाले तालाबों की सुरक्षा और संरक्षा की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन को सौंपी गई है।
रेल मंडल में सौ से अधिक सफाई कर्मचारियों को तैनात किया गया है। रेलवे ट्रैक पर आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई है और स्थानीय पुलिस-प्रशासन से भी सहयोग लिया गया है। छठ पूजा करने के लिए कर्मचारियों को छुट्टी भी दी गई है, ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए इस महापर्व को मना सकें। रेलवे इस बार दिवाली और छठ पर्व को बड़ी धूमधाम से मनाने के लिए तैयार है। अब लोगों की वापसी की व्यवस्था में भी रेलवे जुटी हुई है।
छठ महापर्व पर ट्रेनों की संख्या में वृद्धि की गई है। रियल टाइम मैनेजमेंट के साथ सुरक्षा को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना गया है। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाना पहली प्राथमिकता है। अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है और वार रूम को लगातार मॉनिटर किया जा रहा है। छठ महापर्व मनाने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी गई हैं और उन्हें छुट्टी भी प्रदान की गई है।
उदय सिंह मीना, डीआरएम, डीडीयू रेल मंडल

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।