Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चित्रकूट में अनियंत्रित होकर आटो पेड़ से टकराया, दो की मौत व चार घायल

    Updated: Wed, 04 Feb 2026 06:35 PM (IST)

    चित्रकूट में झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक ऑटो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। इस हादसे में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्प ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता, चित्रकूट। झांसी-मीरजापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार शाम करीब तीन बजे भरतकूप थाना क्षेत्र के रौली कल्याणपुर के पास एक सवारी आटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसा इतना भीषण था कि आटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई।

    भरतकूप थाना क्षेत्र के भागवतपुर निवासी 48 वर्षीय रज्जू पटेल बुधवार को आटो से बांदा जनपद के बदौसा थाना क्षेत्र स्थित महुराई गांव में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ आटो में कर्वी कोतवाली क्षेत्र के तरौंहा निवासी 70 वर्षीय भूरेलाल, बांदा के अतर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनपुरवा निवासी 60 वर्षीय संपत देवी पत्नी राजकुमार, भरतकूप के गोबरिया निवासी 32 वर्षीय प्रीति पुत्री कृष्ण कुमार, लुधवा निवासी महेंद्र पुत्र शिवचरण और तिजिया पत्नी श्रीकांत सवार थे। आटो भरतकूप की ओर से सवारी लेकर बांदा की ओर जा रहा था।

    जैसे ही वह रौली कल्याणपुर के पास पहुंचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जा रहा आटो हाईवे किनारे पेड़ से टकरा गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जबकि आटो में सवार सभी छह यात्री घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवरामपुर में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने रज्जू पटेल को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान 70 वर्षीय भूरेलाल की भी मौत हो गई।

    भरतकूप थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आटो के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आई है। चालक की तलाश की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- कानपुर के इस कॉलेज में बवाल: फैकल्टी पर छात्र-छात्राओं को पीटने का आरोप लगा हंगामा, परिसर में जमकर तोड़फोड़

    यह भी पढ़ें- कानपुर में सपा नेता आमिर जैदी ने नाबालिग से किया दुष्कर्म, मतांतरण का दबाव और ब्लैकमेलिंग

    यह भी पढ़ें- Kanpur Hospital OPD: कानपुर के प्रमुख अस्पतालों में 5 फरवरी को ओपीडी समय, देखें डॉक्टरों की ड्यूटी का शेड्यूल

    यह भी पढ़ें- झांसी-खैरार-मानिकपुर रेल लाइन का दोहरीकरण, Chitrakoot के 21 गांवों की 8.97 हेक्टेयर भूमि होगी अधिग्रहित, मिलेगा मुआवजा