मध्य प्रदेश सरकार की बड़ी पहल, जबलपुर, मैहर और चित्रकूट के बीच हेली पर्यटन सेवा शुरू
मध्य प्रदेश सरकार ने जबलपुर, मैहर और चित्रकूट के बीच हेली पर्यटन सेवा शुरू की है। यह सेवा सप्ताह में दो दिन, सोमवार और मंगलवार को उपलब्ध रहेगी। चित्रक ...और पढ़ें

चित्रकूट आरोग्य धाम हेलीपैड पर पहुंचे राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी एवं सतना सांसद गणेश सिंह। जागरण
जागरण संवाददाता, चित्रकूट। मध्यप्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देने वाली पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के नियमित संचालन के पहले ही दिन जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सोमवार दोपहर निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से जब मैहर से उड़ान भरकर हेलीकॉप्टर सवा 12 बजे आरोग्यधाम हेलीपैड पर उतरा तो वहां मौजूद कलेक्टर सतीष एस, एसपी हंसराज सिंह, श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने तालियों से इसका स्वागत किया। लोगों ने इसे प्रदेश की पर्यटन यात्रा में ऐतिहासिक कदम करार दिया।
पहली उड़ान में सतना सांसद गणेश सिंह तथा मध्यप्रदेश सरकार की पर्यटन राज्यमंत्री प्रतिभा बागरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि सवार होकर चित्रकूट पहुंचे। इसके बाद हेलीपैड पर पहुंचे संत–महंतों ने भी इस नई सुविधा का अनुभव लिया। दिगंबर अखाड़ा के महंत दिव्यजीवनदास, संतोषी अखाड़ा के रामजी दास, जानकीमहल के सीताशरण, कामदगिरि प्रमुख द्वार के मदनगोपाल दास और बलरामदास महाराज ने हेलीकॉप्टर से चित्रकूट के सुंदर प्राकृतिक दृश्य का आसमानी अवलोकन किया।
संतों ने कहा कि यह सेवा धार्मिक स्थलों के प्रति श्रद्धालुओं का आकर्षण और बढ़ाएगी। इसके पश्चात नगर पंचायत नयागांव की अध्यक्ष साधना पटेल के नेतृत्व में नारी शक्ति दल पार्षद रवि माला और मंडल अध्यक्ष विनीता शिवहरे ने भी हेलीकाप्टर में सफर कर सेवा का अनुभव लिया। वहीं एक अन्य चक्कर में कार्तिकेय द्विवेदी, विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार और ओमप्रकाश शर्मा सहित कई लोग भ्रमण पर गए। तीन चक्कर लगाने के दोपहर एक बजकर 40 मिनट पर तीन सवारियों को लेकर हेलीकाप्टर मैहर के लिए रवाना हुआ।
पहले दिन की उड़ान से मैहर पहुंचे अंशुल अग्रवाल ने कहा, पहले मैहर–चित्रकूट यात्रा में पूरा दिन लग जाता था, अब आधे घंटे में सफर पूरा होना किसी वरदान जैसा है। बुजुर्गों और बच्चों वाले परिवारों को बड़ा लाभ मिलेगा। उधर ओमप्रकाश शर्मा ने हवाई सफर को सुरक्षित, सुगम और बेहद रोमांचक अनुभव बताया। स्थानीय व्यापारियों में भी नई ऊर्जा देखी गई।
होटल व्यवसायी अरुण गुप्ता ने कहा कि हेली सेवा से पर्यटकों की संख्या निश्चय ही बढ़ेगी और इससे छोटे व्यापारियों व धार्मिक सेवाओं से जुड़े लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। हेलीपैड पर पहले दिन युवाओं का उत्साह देखते ही बनता था। कई युवक युवतियां हेलीकॉप्टर के उतरने के वीडियो बनाते और सेल्फियों के जरिए इस ऐतिहासिक दिन को कैद करते नजर आए। यह सेवा मध्यप्रदेश के धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली साबित होगी। लोगों को उम्मीद है कि आगे और मार्ग जोड़कर इस सुविधा का दायरा और विस्तृत किया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।