Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Election Result 2025: माननीयों की मेहनत रंग लाई, खूब खिला कमल व जमकर चला तीर

    Updated: Sat, 15 Nov 2025 08:49 AM (IST)

    बिहार विधानसभा चुनाव में देवरिया के नेताओं ने एनडीए उम्मीदवारों के लिए जमकर प्रचार किया। दो मंत्रियों और चार विधायकों ने भाजपा के निर्देश पर बिहार में डेरा डाला। उनके प्रयासों से भाजपा और जदयू को कई सीटों पर जीत मिली। सूर्य प्रताप शाही, विजय लक्ष्मी गौतम, और अन्य विधायकों ने अपनी सांगठनिक क्षमता का प्रदर्शन किया और पार्टी प्रत्याशियों को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

    Hero Image

    अधिकतर सीटों पर सत्तारुढ़ एनडीए के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की

    सुधांशु त्रिपाठी, देवरिया। बिहार के विधानसभा चुनाव में जिले के माननीयों की मेहनत रंग लाई है। एनडीए प्रत्याशियों के पक्ष में दो मंत्रियों और चार विधायकों ने भाजपा केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बिहार में प्रचार के लिए डेरा डाला था। बिहार के चुनावी महासमर में देवरिया के राजनीतिक दिग्गजों ने रणनीति बनाकर दमखम दिखाया और अपनी सांगठनिक क्षमता का परिचय दिया। शुक्रवार को आए परिणाम में अधिकांश सीटों पर भाजपा कमल खिला है और जनता दल यू के तीर जमकर चले हैं। वहीं महागठबंधन के लिए प्रचार करने गए सपा नेताओं के प्रचार का कुछ सीटों पर असर दिखा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही विधानसभा क्षेत्र लौरिया व बगहा में चुनाव प्रचार में उतरे थे। बगहा में भाजपा के प्रत्याशी रामसिंह व लौरिया में भाजपा के प्रत्याशी विनय बिहारी को शानदार जीत मिली है। राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने पश्चिमी चंपारन के नरकटियागंज में प्रचार में जुटी थीं। यहां से भाजपा प्रत्याशी संजय कुमार पांडेय को विजय मिली है।जमुई संसदीय क्षेत्र के छह विधानसभा सीटों के लिए प्रभारी के तौर पर सदर विधायक डा.शलभ मणि त्रिपाठी ने कमान संभाली थी, जिनमें पांच सीटें एनडीए प्रत्याशियों की झोली में आई हैं।

    जमुई से भाजपा की श्रेयसी सिंह, तारापुर से डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी, शेखपुरा से जदयू के रणधीर कुमार सोनी, झाझा से जदयू के ही दामोदर रावत, सिकंदरा से हम पार्टी से प्रफुल्ल कुमार ने जीत हासिल की।जबकि चकाई विधानसभा सीट से महागठबंधन की प्रत्याशी सावित्री देवी विजयी हुईं। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी की प्रतिष्ठा बचाने में सफलता मिली है।

    रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने आरा सीट पर प्रचार की कमान संभाली थी, यहां से भाजपा प्रत्याशी संजय सिंह को जीत हासिल हुई है। भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर ने सिवान में अपनी टीम के साथ लगे थे। यहां भी भाजपा के मंगल पांडेय ने कमल खिलाया है। रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद ने दरौंदा विधानसभा क्षेत्र में एनडीए के पक्ष में प्रचार कर रहे थे। यहां से भाजपा के कर्णजीत उर्फ व्यास सिंह ने विजय हासिल की है। सपा की पूर्व विधायक गजाला लारी को महराजगंज विस के राजद प्रत्याशी विकास जायसवाल के चुनाव प्रचार में लगी थी, लेकिन उन्हें शिकस्त मिली है।

    यह भी पढ़ें- केमिकल इंजीनियर मौत मामला: मेडिकल कॉलेज के कर्मचारियों से जुड़े घटना के तार, गहनता से छानबीन

    सपा के सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर व भाटपाररानी के पूर्व विधायक आशुतोष उपाध्याय बबलू को सिवान के रघुनाथपुर में राजद प्रत्याशी ओसामा शाहाब व सिवान के राजद प्रत्याशी अवध बिहारी यादव के प्रचार की जिम्मेदारी मिली थी। केवल रघुनाथपुर विधानसभा सीट से राजद प्रत्याशी ओसामा शाहाब को जीत हासिल हो सकी है। जनपद के इन नेताओं ने जनसभाओं, नुक्कड़ सभाओं, जनसंपर्क अभियानों के माध्यम से मतदाताओं के बीच अपनी-अपनी पार्टी की नीतियां समझाने में जी जान से लगे थे।