Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इटावा ओवरब्रिज में हादसा, कांग्रेस जिला सचिव को वाहन ने मारी टक्कर, रेलिंग में लगी सरिया सिर में घुसने से मौत

    By gaurav dudeja Edited By: Anurag Shukla1
    Updated: Wed, 20 Aug 2025 10:20 PM (IST)

    इटावा में गुरु तेग बहादुर रेलवे ओवरब्रिज पर वाहन की टक्कर से कांग्रेस नेता अभिषेक त्रिपाठी की दुखद मृत्यु हो गई। वह अपने साथी के साथ लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। पुल की रेलिंग से टकराने के कारण अभिषेक को गंभीर चोटें आईं। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है और पुल की जर्जर हालत पर सवाल उठ रहे हैं।

    Hero Image
    कांग्रेस जिला सचिव एवं अधिवक्ता अभिषेक त्रिपाठी का फाइल फोटो।

    जागरण संवाददाता, इटावा। गुरु तेग बहादुर रेलवे ओवरब्रिज पर मंगलवार रात कार्यक्रम से लौट रहे कांग्रेस नेता एवं अधिवक्ता अभिषेक त्रिपाठी की बाइक में अज्ञात वाहन के टक्कर मारने से वह साथी सहित पुल की रेलिंग से जा टकराए। हादसे में पुल की रेलिंग में निकली सरिया अधिवक्ता के सिर में घुसने से उनकी मौके पर मौत हो गई जबकि साथी जुबैर गंभीर रूप से घायल हो गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हादसे की खबर सुनकर स्वजन, अधिवक्ताओं एवं कांग्रेस पार्टी के नेताओं में शोक की लहर दौड़ गई। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी सड़क हादसे में पार्टी के जिला सचिव की मौत पर शोक व्यक्त किया। वे हेलमेट नहीं लगाए थे। यह पुल सेतु निगम के अंतर्गत आता है जिसका पिछले कई वर्षों से मेंटीनेंस नहीं किया गया।

    हादसे की वजह पुल का खतरनाक मोड़ भी माना जा रहा है जिस पर अक्सर वाहन टकरा जाते हैं। सेतु निगम के सहायक अभियंता पंचम सिंह ने बताया कि पुल का मौका मुआयना किया जाएगा। जो भी कमियां हैं उन्हें ठीक कराया जाएगा।

    शहर के विजय नगर निवासी 52 वर्षीय अभिषेक त्रिपाठी पुत्र राजीव चंद्र त्रिपाठी पेश से अधिवक्ता थे। साथ ही वह कांग्रेस पार्टी के वर्तमान में जिला संगठन में सचिव भी थे। जानकारी के अनुसार मंगलवार रात वह अपने साथी जुबेर तैमूरी निवासी सांई भदावर कालोनी कोतवाली के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें छोड़ने उनके घर जा रहे थे।

    मंगलवार रात्रि साढ़े 12 बजे के आसपास गुरु तेग बहादुर रेलवे ओवर ब्रिज पर बीएसए कार्यालय के पास पहुंचने पर पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी जिससे वह बाइक समेत पुल की रेलिंग से जा टकराए। रेलिंग में निकली सरिया उनके सिर में घुस गई। जबकि साथी जुबेर तैमूरी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी पर मौके पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक यशवंत सिंह, रेलवे रोड चौकी इंचार्ज दयानंद पटेल ने तुरंत पुल पर पड़े घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।

    अस्पताल में डाक्टर ने अधिवक्ता अभिषेक त्रिपाठी को मृत घोषित कर दिया। जबकि साथी जुबैर की हालत गंभीर होने पर उपचार के बाद आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफई रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की जानकारी पुलिस द्वारा स्वजन को दी गई जिस पर उनके भाई आशीष त्रिपाठी, पत्नी सीमा त्रिपाठी समेत अन्य स्वजन रोते-बिलखते जिला अस्पताल पहुंचे।

    बुधवार सुबह उनके शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसके बाद अंतिम संस्कार यमुना घाट पर किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में अधिवक्ता, कांग्रेस नेताओं समेत तमाम लोग शामिल हुए। अधिवक्ता की दो बेटियों ईवा त्रिपाठी, विदुषी, पत्नी सीमा त्रिपाठी एवं वृद्ध मां आशा त्रिपाठी का रो-रोकर बुरा हाल है।

    कांग्रेस पदाधिकारियों संग डीबीए ने साथी की मृत्यु पर शोक जताया

    सड़क हादसे में अधिवक्ता एवं कांग्रेस नेता अभिषेक त्रिपाठी की मौत की खबर सुनकर कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राज के साथ जिला कमेटी के पदाधिकारियों एवं नेताओं के साथ जिला बार एसोसिएशन ने शोक व्यक्त किया। डीबीए जिलाध्यक्ष अनिल कुमार गौर, एडवोकेट अवधेश अग्निहोत्री समेत तमाम अधिवक्ताओं के साथ, कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशुतोष दीक्षित, पूर्व जिलाध्यक्ष मलखान सिंह पीसीसी मेंबर प्रशांत तिवारी, शहर अध्यक्ष मोहम्मद राशिद, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष शौजब रिज़वी, वाचस्पति द्विवेदी, पल्लव दुबे, विष्णु कांत मिश्रा, अतुल आक्रोश, प्रेरणा ज़ुबैरी, कोमल सिंह कुशवाहा, आसिफ जादरान अंसार अहमद आदि ने मृतक को श्रद्धांजलि अर्पित की।