UP के ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल में होगा ये बड़ा काम, योगी सरकार ने दी 2.60 करोड़ की मंजूरी
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने ऐतिहासिक विक्टोरिया मेमोरियल के नवीनीकरण के लिए 2.60 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस राशि से मेमोरियल के जीर्णोद्धार कराते हुए छात्र-छात्राओं के लिए लाइब्रेरी तैयार कराई जा रही है।

जागरण संवाददाता, इटावा। अंग्रेजी शासन के दौरान वर्ष 1885 में पक्का तालाब के किनारे बने विक्टोरिया मेमोरियल हाल के ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए उसका जीर्णोद्धार कराते हुए छात्र-छात्राओं के लिए लाइब्रेरी तैयार कराई जा रही है। सदर विधायक सरिता भदौरिया के प्रयास से प्रदेश सरकार ने 2.60 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इस धनराशि से सुंदरीकरण का कार्य कराया जा रहा है।
गुरुवार को सदर विधायक सरिता भदौरिया, जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल सुंदरीकरण के कार्यों का निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह इमारत पुरातन काल से इटावा में स्थापित है । इस हाल का बहुउद्देशीय उपयोग करने पर भी विचार किया जाएगा। यहां लाइब्रेरी, संगीत की शिक्षा के साथ-साथ इटावा के कवियों का काव्य संग्रह भी रखा जाए।
क्या बोले विधायक?
विधायक ने कहा कि यहां एक लाइब्रेरी की स्थापना की जा रही है इससे विक्टोरिया मेमोरियल हाल संरक्षित रहेगा। हमारे छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा हासिल करने के लिए अच्छी पुस्तक भी उपलब्ध हो सकेंगी।
इस अवसर पर पर्यटन विभाग के पवन कुमार, भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजू चौधरी, किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री विकास भदौरिया, मत्स्य प्रकोष्ठ जिला संयोजक ओम रतन कश्यप, किसान मोर्चा के जिला मंत्री अशोक चौहान टीटू, चंदन पोरवाल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।