दंग रह गए डॉक्टर, महिला के गर्भाशय से निकली 7 किलो की गांठ...; ऑपरेशन करने वाली टीम को मिल रही शाबाशी
गाजियाबाद के एमएमजी अस्पताल में डॉक्टरों ने एक महिला के गर्भाशय से 7 किलो की गांठ निकालकर उसकी जान बचाई। महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर आई थी, जांच में गांठ का पता चला। सर्जन डॉ. मिलिंद गौतम और उनकी टीम ने ऑपरेशन कर गांठ निकाली। महिला के पति ने बताया कि पहले कई इलाज कराए, पर फायदा नहीं हुआ। डॉक्टरों ने समय पर ऑपरेशन कर महिला को नया जीवन दिया।

महिला के ऑपरेशन की सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। डॉक्टर साहब पेट में दर्द हो रहा है कोई दवा दे दो। यह कहती हुई एक महिला जिला एमएमजी अस्पताल की सामान्य सर्जन की ओपीडी में पांच दिन पहले पहुंची। सर्जन डॉ. मिलिंद गौतम ने महिला का अल्ट्रासाउंड कराया तो गर्भाशय में गांठ दिखाई दी। स्पष्ट जांच के लिए सीटी स्कैन कराया गया। दर्द में राहत के लिये दवा देते हुए चिकित्सक ने ऑपरेशन से संबंधित जांचें लिख दी।
जांच रिपोर्ट लेकर महिला बुधवार को सर्जन के पास पहुंची। महिला का ऑपरेशन शुरू किया गया। डेढ़ घंटे तक चले ऑपरेशन के दौरान सर्जन एवं टीम ने सात किलोग्राम वजन की गांठ को निकाल दिया।सर्जन का कहना है कि यदि कुछ दिन और गांठ का आपरेशन न होता तो यह महिला की जान के लिए खतरा बन सकती थी। महिला स्वस्थ है।
नंदग्राम की रहने वाली 45 वर्षीय महिला ममता को ऑपरेशन के बाद पेट दर्द से राहत मिल गई है। इस गांठ की जांच को सैंपल नोएडा भेजा गया है। महिला के तीन बच्चे हैं। टीम में निश्चेतक डॉ. चरन सिंह भी शामिल रहे। महिला के पति अनिल कुमार ने बताया कि वह मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं।
अपनी पत्नी ममता का करीब सात महीने से अलग-अलग चिकित्सकों से इलाज करा रहे थे। कई चिकित्सकों ने इलाज के दौरान गांठ को दवा से खत्म करने की सलाह दी, लेकिन दवा खाने के बाद भी कोई फायदा नहीं हुआ। खाना नहीं पचना, पेट में दर्द और उल्टी आना जैसी कई समस्याएं बनी रहती थीं।
गांठ तेजी से बढ़ रही थी। जो गर्भाशय के साथ अन्य अंगों को प्रभावित कर रही थी। समय पर जांच कराने पर पता चल गया और छठे दिन आपरेशन कर दिया गया। इससे महिला की जान बच गई है।
- डॉ. मिलिंद गौतम, सर्जन जिला एमएमजी अस्पताल

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।