'मन की शुद्धता के लिए कुंभ स्नान, लोकतंत्र की शुद्धता के लिए SIR'; गाजियाबाद में बोले डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
गाजियाबाद में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक कार्यक्रम में कहा कि मन की शुद्धता के लिए कुंभ स्नान जरूरी है, वैसे ही लोकतंत्र की शुद्धता के लिए सुशासन औ ...और पढ़ें

कविनगर रामलीला मैदान स्थित सभागार में भाजपा की विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान बैठक के दौरान मंच से संबोधन करते उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक। जागरण
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। मन व तन की शुद्धता के लिए कुंभ में स्नान करते हैं और योग करते हैं। ऐसे ही राष्ट्र व लोकतंत्र की शुद्धता के लिए एसआईआर जरूरी है। मतदाता सूची लोकतंत्र की जान और आत्मा है। एसआईआर पहली बार नहीं हो रहा है।
विपक्ष हल्ला कर रहा है। यह वर्ष 2002-03 और 1967 में भी हुआ था। हमे बूथ जीतने के लिए प्रत्येक बूथ पर फर्जी वोटर चिह्नित करना है। कोई भी गलत मतदाता सूची में नहीं रहना चाहिए। एसआईआर अगर ठीक से नहीं हुआ तो बूथ कैसे जीतेंगे। हम सभी गलियों में मतदाता सूची को पहुंचा दें और उसे पढ़ लें।
कौन-कौन गलत व्यक्ति ने उसमें नाम दर्ज करा लिया है। हम किसी भी स्थिति में घुसपैठिये को गाजियाबाद में वोटर लिस्ट में रुकने नहीं देंगे और धरातल पर रहने नहीं देंगे। ये बातें उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गाजियाबाद के कवि नगर रामलीला मैदान आयोजित एसआईआर की समीक्षा बैठक में कहीं।
अभी भी मेहनत करने की जरूरत
ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने एसआईआर की अंतिम तिथि बढ़ाई है। चार दिन शेष हैं। इसके बाद मतदाता सूची का प्रकाशन संभव हो सकेगा। हमारे कार्यकर्ताओं ने काम तो किया, लेकिन अभी भी मेहनत करने की जरूरत है। भाजपा का कार्यकर्ता फौज की तरह रोज कदमताल करता है।
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से एसआईआर के बारे में सवाल भी पूछे। एसआईआर जरूरी क्यों है? कार्यकर्ताओं ने खड़े होकर जवाब दिए। ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग आवश्यकता के अनुसार एसआईआर कराता है। विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है। बिहार में एसआईआर में 65 लाख वोट फर्जी मिले जो घुसपैठिये थे। इनमें कुछ की मृत्यु हो चुकी थी और कुछ 10 से 15 वर्ष के बच्चों तक के वोट बने थे।
शादी के बाद बेटी दूसरे जिले में जा चुकी है। वह संख्या में कम हैं और चुनाव में उनका बूथ प्रतिशत 90 से ऊपर रहता है। वह सभी वोट डालते हैं। जबकि हम पहले चाय व भोजन करने के बाद वोट करते हैं। उनका लक्ष्य पहले मतदान करना है। हमारे सामने मतदाता सूची को पूरी तरह छान देना है।
बिहार में 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ था। फर्जी मतदाता सूची से हट गए थे। जो बचा था वह सारा वोट आपका है। एसआईआर होने पर राष्ट्र विरोधी ताकतों के मन में पीड़ा है। हम इसे गंभीरता से ले रहे हैं। खुद मुख्यमंत्री 18 मंडलों में जा रहे हैं। सारी कवायद एसआईआर पर है।
कांग्रेस और सपा पर साधा निशाना
ब्रजेश पाठक ने कहा कि चुनाव के समय राहुल गांधी बिहार में जाकर मछली पकड़ेंगे और हरियाणा में जलेबी बनाएंगे। भारत की जनता कभी नहीं भूलेगी कि देश में इमरजेंसी लागू हुई थी। सपा के गुंडाराज को उत्तर प्रदेश के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे। सपा के पेट में दर्द इसलिए हो रहा है क्योंकि घुसपैठिये उनका वोट बैंक हैं।
एसआईआर के साथ लोगों को यह भी बताना है जब सपा की सरकार थी तो ये लोग बंदूकें लेकर चलते थे। हमारा नारा है कि सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। गंगा एक्सप्रेसवे का भी एक दो माह में उद्घाटन होने वाला है। जिन्ना ने प्रधानमंत्री बनने के लिए बंटवारा किया था। उनका हाल ये हुआ था कि जब बीमार होने पर उन्हें अस्पताल लेकर जा रहे थे तो एंबुलेंस में पेट्रोल खत्म हो गया था।
सपा में राष्ट्रीय अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित सभी बड़े पदों पर भैया, भाभी, चाचा, छोटे चाचा हैं। भाजपा में सभी कार्यकर्ता मालिक हैं। जितने लोग गोवा में घूमने जाते हैं उससे अधिक श्रद्धालु गत वर्ष काशी विश्वनाथ पहुंचे थे। इस बार पश्चिम बंगाल में भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने बाबरी मस्जिद बनाने का ऐलान किया है। उन्हें देश से माफी मांगनी होगी। बाबर जैसे आक्रमणकारी को देश के लोग कभी स्वीकार नहीं करेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।