गाजियाबाद एलिवेटेड रोड पर स्लिप रोड का रास्ता साफ, इंदिरापुरम-वसुंधरा के 5 लाख लोगों को मिलेगी बड़ी राहत
गाजियाबाद में एलिवेटेड रोड पर स्लिप रोड निर्माण के लिए 80 करोड़ रुपये का टेंडर पूरा हो गया है, जिससे दिल्ली-इंदिरापुरम और वसुंधरा के यात्रियों को जाम ...और पढ़ें

एलिवेटेड रोड पर स्लिप रोड बनाने से पांच लोगों को मिलेगी राहत। फोटो: आर्काइव
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। एलिवेटेड रोड को शहर की लाइफलाइन माना जाता है। आने वाले दिनों में एलिवेटेड रोड पर दिल्ली-इंदिरापुरम और वसुंधरा के लिए वाहनों के चढ़ने व उतरने की समस्या खत्म होगी।
जीडीए ने करीब 80 करोड़ की लागत से स्लिप रोड का निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे करीब पांच लाख से अधिक लोगों को समय, ईंधन की बचत के साथ ही जाम से मुक्ति मिलेगी। योजना के तहत 7.5 मीटर चौड़ा कैरिजवे तैयार किया जाएगा, जबकि दो आधुनिक गोलचक्कर भी विकसित होंगे।
यहां से निकलाने से जाएंगे दोनों रैंप
रैंप-1 दिल्ली से वसुंधरा की ओर आने वाले वाहनों के लिए होगा, जो वैशाली होते हुए साहिबाबाद की ओर जाएगा। वहीं, रैंप-2 इंदिरापुरम के कनावनी मंदिर के पास एलिवेटेड रोड से जुड़कर दिल्ली जाने वाले वाहनों को सुविधा देगा। जीडीए अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
टेंडर जेएसपी कंस्ट्रक्शन फर्म को मिला है, जो करीब 80 करोड़ रुपये की लागत से एलिवेटेड के लिए स्लिप रोड का निर्माण जल्द पूरा करेगी। स्लिप रोड बनने से एक से सवा घंटे का सफर 20 से 25 मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे जाम की समस्या कम होगी और वाहन चालकों का समय व ईंधन दोनों की बचत होगी।
स्लिप रोड के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा। इस योजना के पूर्ण होने पर यातायात में सुधार होगा। इससे भविष्य में बढ़ते यातायात का दबाव भी कम होगा।
- आलोक रंजन, मुख्य अभियंता जीडीए
यह भी पढ़ें- खुशखबरी! गाजियाबाद में 1 जुलाई से फिर होंगे बैनामे और शादी रजिस्ट्रेशन, वकीलों के आगे झुका प्रशासन; हड़ताल खत्म