गाजियाबाद में 24 घंटे में मिले डेंगू के चार नए मरीज, 9 अस्पतालों में भर्ती; स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
गाजियाबाद में डेंगू के मरीजों की संख्या तेज़ी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटों में चार नए मामले सामने आए हैं जिससे कुल संख्या 91 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए माइक्रो प्लान तैयार किया है। शहर में कीटनाशक का छिड़काव किया जा रहा है और लार्वा नष्ट किए जा रहे हैं।

जागरण संवाददाता,गाजियाबाद। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में जिले में डेंगू के चार नए मरीज मिले है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार गंभीर हालत में अलग-अलग अस्पतालों में डेंगू के नौ मरीज भर्ती हैं। इनमें चार सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। कुल मरीजों की संख्या 91 पर पहुंच गई है।
मानषी विहार की 19 वर्षीय महिला, पंचवटी के 18 वर्षीय युवक, भिक्कनपुर का 20 वर्षीय युवक और खोड़ा कालोनी का 12 वर्षीय किशोर डेंगू संक्रमित मिला है। दो की जांच रिपोर्ट सरकारी लैब और दो की प्राइवेट लैब से आई है।
पांच दिन में तीन सौ घरों में मिला डेंगू मच्छर का लार्वा
वर्षा के बाद जगह-जगह पानी जमा हो गया है। इससे एडीज मच्छर का लार्वा पनप रहा है। इसके चलते डेंगू और मलेरिया के मरीज बढ़ रहे हैं। जिला सर्विलांस अधिकारी आर के गुप्ता ने बताया कि डेंगू और मलेरिया की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने माइक्रो प्लान तैयार किया है। इसके तहत शहर के हाटस्पाट इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है।
स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर जाकर बुखार के मरीजों की तलाश कर रही हैं और डेंगू के संदिग्ध मामलों की रिपोर्ट बना रही हैं। आशा और एएनएम कार्यकर्ताओं को विशेष निर्देश दिए गए हैं कि वह बुखार से पीड़ित हर मरीज का ट्रेस करें और उनका ब्लड सैंपल लेकर डेंगू जांच के लिए जरूर भेजें।
शहर में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें मिलकर घरों और आसपास के इलाकों में मच्छरों के लार्वा को खत्म करने का काम कर रही हैं। पांच दिन में तीन सौ घरों में मिला डेंगू मच्छर का लार्वा नष्ट कराया गया है।
जलभराव वाले स्थानों की सफाई कराई जा रही है और लोगों को घरों में पानी जमा न करने की सलाह दी जा रही है। मलेरिया के कुल केसों की संख्या 65 है।
पिछले पांच वर्षों में मिले डेंगू- मलेरिया के केसों का विवरण
वर्ष डेंगू मलेरिया
2021 1238 31
2022 901 19
2023 1261 28
2024 196 27
2025 91 65
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।