Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हरियाणवी फिल्म निर्माता उत्तर कुमार बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार, अमरोहा के एक फार्म हाउस में धराया

    Updated: Tue, 16 Sep 2025 10:31 PM (IST)

    साहिबाबाद पुलिस ने हरियाणवी फिल्म निर्माता उत्तर कुमार को गिरफ्तार किया। अभिनेत्री ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस ने उसे अमरोहा स्थित फार्म हाउस से हिरासत में लिया था लेकिन स्वास्थ्य कारणों से अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोर्ट ने उत्तर कुमार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा।

    Hero Image
    साहिबाबाद पुलिस ने हरियाणवी फिल्म निर्माता उत्तर कुमार को गिरफ्तार किया। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। शालीमार गार्डन पुलिस ने मंगलवार को हरियाणवी फिल्म निर्माता और अभिनेता उत्तर कुमार को अस्पताल से छुट्टी मिलते ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मेडिकल के बाद उत्तर कुमार को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इससे पहले रविवार रात पुलिस ने उत्तर कुमार को अमरोहा स्थित उसके फार्म हाउस से हिरासत में लिया था, लेकिन स्वास्थ्य कारणों से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उत्तर कुमार के खिलाफ एक हरियाणवी अभिनेत्री युवती ने शादी और प्रमोशन का झांसा देकर दुष्कर्म और यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी।

    बता दें कि गौतमबुद्ध नगर की 25 वर्षीय युवती हरियाणवी गानों और फिल्मों में बतौर अभिनेत्री काम करती है। उसका कहना है कि 2020 में हरियाणा की फिल्म इंडस्ट्री में उसकी मुलाकात फिल्म निर्माता और कलाकार उत्तर कुमार से हुई और दोनों ने एक एल्बम में साथ काम किया। इसके बाद उत्तर कुमार ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी कर फिल्मी दुनिया का स्टार बनाने और करियर को आगे बढ़ाने का लालच देकर कई बार दुष्कर्म किया और लगातार उसका यौन शोषण किया।

    आरोप है कि उत्तर कुमार ने उसे कई बार डीएलएफ कॉलोनी और शालीमार गार्डन इलाके में स्थित अपने फार्म हाउस पर बुलाया और जबरन शराब पिलाकर उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और विरोध करने पर बदनाम करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने शालीमार गार्डन में उत्तर कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।

    इस मामले में पुलिस ने रविवार रात अमरोहा स्थित फार्म हाउस से उत्तर कुमार को हिरासत में लिया। तबीयत खराब होने पर उत्तर कुमार को ट्रांस हिंडन के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उत्तर कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

    एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि उत्तर कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।