Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Dengue: गाजियाबाद में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ी, बुखार से युवक की मौत

    Updated: Fri, 12 Sep 2025 05:36 AM (IST)

    गाजियाबाद में डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है जिससे स्वास्थ्य विभाग चिंतित है। पिछले कुछ दिनों में कई मौतें हुई हैं जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। जिला एमएमजी अस्पताल में डेंगू के कई मरीज भर्ती हैं। स्वास्थ्य विभाग जागरूकता कार्यक्रम चला रहा है और अस्पतालों में सेवाएं बेहतर करने का प्रयास कर रहा है।

    Hero Image
    डेंगू के मरीजों की संख्या हुई 78, बुखार से युवक की मौत

    जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। डेंगू के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को दो नए मरीज मिलने के साथ कुल संख्या 78 पर पहुंच गईं हैं। सात मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं।स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले तीन दिनों में ही 27 से अधिक डेंगू के मरीज मिल चुके हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बृहस्पतिवार को विजय नगर के रहने वाले 33 वर्षीय रवि की तेज बुखार से मौत हो गई। नौ सितंबर को हिंडन विहार निवासी 12 वर्षीय इकरा को तेज बुखार और पेट दर्द होने पर जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई।

    एक सितंबर को संयुक्त अस्पताल में डासना निवासी 15 वर्षीय जोया को तेज बुखार और उल्टी के कारण भर्ती कराया गया था। भर्ती होने के एक घंटे के भीतर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

    इसके अलावा जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराये गये दीनागढ़ी के रहने वाले 57 वर्षीय देवेन्द्र कुमार की मौत हो गई। रिपोर्ट में मौत का कारण बुखार और सीवियर एनीमिया बताया गया है।

    मेरठ मंडल संचारी रोग नियंत्रण टीम ने हाल ही में गाजियाबाद पहुंचकर डाक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित किया। उन्हें मरीजों की पहचान, समय पर जांच और प्लेटलेट्स की निगरानी करने के तरीके सिखाए गए हैं। टीम ने बताया कि शुरुआती लक्षणों पर तुरंत कार्रवाई करने से मरीज की जान बचाई जा सकती है।

    जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती हैं डेंगू के पांच मरीज

    जिला एमएमजी अस्पताल में डेंगू के पांच मरीज भर्ती हैं। इनमें मुरादनगर के रहने वाले 15 वर्षीय इकबाल को गंभीर हालत में जिला एमएमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसके पेट में काफी दर्द है ।प्लेटलेट्स 30,000 से कम हैं।

    लालकुआं मानसरोवर पार्क निवासी 36 वर्षीय शशि अस्पताल में तीन दिन से भर्ती हैं। इनकी प्लेटलेट्स 20,000 से कम हैं। विवेकानंद नगर निवासी 18 वर्षीय अतुल को पेट दर्द और तेज बुखार के कारण भर्ती कराया गया।

    स्क्रीनिंग करने पर डेंगू पाजिटिव पाया गया। प्लेटलेट्स 32,000 हैं। अर्थला निवासी 21 वर्षीय आलम को तेज बुखार होने पर भर्ती कराया गया। प्लेटलेट्स 20,000 से कम थी। जबकि एक स्वस्थ व्यक्ति में 1.5 लाख से 4.5 लाख तक प्लेटलेट्स होनी चाहिए। इससे साफ है कि युवाओं में डेंगू अधिक सक्रिय हो रहा है।

    डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया पर कार्यशाला हुई

    जिला एमएमजी अस्पताल में डेंगू, चिकनगुनिया और मलेरिया जैसे संक्रामक रोगों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। फिजिशियन डा. आलोक रंजन ने बताया कि समय पर पहचान और सही उपचार से इन बीमारियों की गंभीर जटिलताओं को रोका जा सकता है। साफ-सफाई, मच्छरों से बचाव और तुरंत चिकित्सकीय परामर्श ही इन बीमारियों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। इसमें डा. सुरुचि सैनी (माइक्रोबायोलाजिस्ट) ने रोगों की नैदानिक जांच की जानकारी दी।

    15 सितंबर को एनएचआरसी की टीम करेगी निरीक्षण

    जिले के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का एनएचआरसी की टीम निरीक्षण करने को आएगी। संभावित तिथि 15 सितंबर है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में जुट गये हैं। बता दें आये दिन केंद्रों पर ताला लगा रहता है।