गजपुर में सड़क हादसे से आक्रोश, ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस का लाठीचार्ज
गजपुर में सड़क दुर्घटना में आकाश वर्मा की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर प्रदर्शनकारियों को हटाया और भाजपा नेता को हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारियों की मांगें थीं चौकी इंचार्ज का निलंबन और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता। व्यापारियों ने विरोध में दुकानें बंद रखीं। प्रशासन ने गगहा में अस्थाई बैरिकेड लगाया।

सड़क जाम कर धरने पर बैठे ग्रामीण। जागरण
संवाद सूत्र, गजपुर बाजार । गगहा थाना क्षेत्र के गजपुर निवासी आकाश वर्मा की बुधवार को हुए सड़क दुघर्टना में मौत के बाद गजपुर में गुरुवार को दुकानें बंद रहीं। व्यापार मंडल गजपुर की अपील पर व्यापारी अपने प्रतिष्ठान को बंद कर सियर चौराहे पर एकत्रित होने लगे। दोपहर में 12 बजे के लगभग भीड़ ने गजपुर-रुद्रपुर व गजपुर-गगहा मार्ग को जाम कर दिया।
सड़क जाम की सूचना पर सबसे पहले थाना प्रभारी गगहा अंजुल चतुर्वेदी पहुंचे। इसके बाद उपजिलाधिकारी बांसगांव प्रदीप कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी बांसगांव अनुज कुमार सिंह ने मौके पर पहुंच जाम लगाए लोगों से वार्ता की लेकिन बात नहीं बन सकी। अपराह्न पौने तीन बजे पुलिस ने लाठीचार्ज कर धरने पर बैठे भाजपा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष विकास सिंह श्रीनेत को हिरासत में ले लिया। तीन बजे पुलिस अधीक्षक दक्षिणी विनेश कुमार पुरी भी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक सियर चौराहे पर पुलिस बल तैनात रही।
धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों की थी पांच मांगें
सियर चौराहे पर सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन के समक्ष पांच सूत्रीय मांग रखी। जिसमें गजपुर चौकी इंचार्ज का निलंबन, ट्रालर को जब्त कर चालक की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता, गजपुर-गगहा मार्ग पर ट्रालरों के आवागमन पर प्रतिबंध, सड़क पर संवेदनशील स्थानों स्पीड ब्रेकर बनाना शामिल था। उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी से धरनारत लोगों की कई चक्र वार्ता चली। बात न बनने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ हटाया। धरना प्रदर्शन में महिलाएं व युवतियां भी पहुंची थी।
गम व गुस्से में बंद रहीं दुकानें
व्यापारियों ने गम व गुस्से में गुरुवार को अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। व्यापार मंडल गजपुर ने भी बंदी का आवाह्न किया था। व्यापार मंडल के प्रमुख पदाधिकारी धरना, बंदी व प्रदर्शन से गायब रहे। जिसकी चर्चा लोगों के जुबान पर रही।
गगहा में लगाया अस्थाई बैरिकेड
दुर्घटना में आकाश की जान जाने के बाद प्रशासन ने गगहा में सर्विस लेन के पास अस्थाई बैरिकेड लगाकर भारी वाहनों की आवाजाही गुरुवार को रोक दिया। इसके लिए स्थानीय लोग लंबे समय से मांग कर रहे थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।