Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    गोरखपुर में छह लेन फ्लाईओवर निर्माण में लापरवाही, हो सकता है हादसा

    Updated: Sat, 25 Oct 2025 11:44 AM (IST)

    गोरखपुर में ट्रांसपोर्टनगर-पैडलेगंज फ्लाईओवर निर्माण में सुरक्षा मानकों की अनदेखी हो रही है। वेल्डिंग की चिंगारियां राहगीरों पर गिर रही हैं, और सुरक्षा घेरे के बाहर सामान गिर रहा है। रुस्तमपुर में फ्लाईओवर से गर्डर गिरने से अफरा-तफरी मची। सेतु निगम की लापरवाही से राहगीरों को खतरा है, और कर्मचारी भी बिना सुरक्षा मानकों के काम कर रहे हैं।

    Hero Image

    पैड़लेगंज-नौसढ़ सिक्स लेन पुल के निर्माण में जुटे कर्मगार। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज की तरफ फ्लाईओवर निर्माण में सुरक्षा मानकों का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है। नीचे सड़क पर राहगीर चल रहे हैं तो ऊपर निर्माण का काम हो रहा है। फ्लाईओवर की सरिया में हो रही वेल्डिंग से निकल रही चिनगारी राहगीरों पर गिर रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सेतु निगम ने जो सुरक्षा घेरा बनाया है उसके बाहर भी फ्लाईओवर से सामान गिर जा रहा है। यह तब है जब छठ पर्व की खरीदारी के लिए महेवा मंडी से लगायत रुस्तमपुर तक भीड़ जमा है। निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे वाहन खड़े किए जा रहे हैं तो रुस्तमपुर में ठेले वालों ने कब्जा कर लिया है।

    इनकी वजह से फ्लाईओवर के नीचे से गुजरने वालों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई जगह फ्लाईओवर का स्लैब भी पूरी मजबूती के साथ नहीं रखा गया है। इसके बाद भी नीचे सुरक्षा घेरा नहीं होने से सैकड़ों वाहन खड़े किए जा रहे हैं। और तो और कई कारोबारियों ने यहीं से बिक्री भी शुरू कर दी है।

    शुक्रवार सुबह तकरीबन नौ बजे रुस्तमपुर में ट्रांसपोर्टनगर से पैडलेगंज की तरफ लोहे का गर्डर फ्लाईओवर से सड़क पर गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय गर्डर गिरा उस समय वहां कोई था नहीं। गर्डर एक ई-रिक्शा से बिल्कुल सटकर गिरा। तेज आवाज होने पर मौके पर अफरातफरी मच गई। उधर से गुजर रहे लोग भागने लगे। मामला समझ में आने पर मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई। आननफानन गर्डर को किनारे कर दिया गया।

    सेतु निगम के प्रबंधक मिथिलेश कुमार को पक्ष लेने के लिए फोन किया गया, लेकिन उन्होंने काल रिसीव नहीं की। वाट्सएप पर संदेश भेजकर पक्ष लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने कोई रिस्पांस नहीं दिया।

    फरवरी 2023 से चल रहा है काम
    ट्रांसपोर्टनगर से देवरिया बाईपास के आगे पैडलेगंज की तरफ छह लेन की सड़क के ऊपर छह लेन का फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। तारामंडल की तरफ से देवरिया बाईपास की तरफ से लखनऊ या पैडलेगंज की ओर जाने वाले वाहनों के चालकों की सहूलियत के लिए चार लेन का फ्लाईओवर भी बनाया जा रहा है। यह फ्लाईओवर छह लेन फ्लाईओवर में मिलाया जाएगा। इससे भविष्य में जाम की समस्या नहीं रहेगी। निर्माण शुरू हुए साढ़े तीन वर्ष से ज्यादा समय बीतने के बाद भी अभी बहुत काम बाकी है।

    क्रेन रोक लेती हैं रास्ता
    रुस्तमपुर से पैडलेगंज की तरफ इन दिनों सेतु निगम काम करा रहा है। त्योहारों की भीड़ बढ़ने के बाद भी दिन में बिना किसी रोक-टोक काम चल रहा है। शुक्रवार दोपहर देवरिया बाईपास के पास क्रेन से सामान इधर-उधर करने के कारण परिवहन निगम की बस जाम में फंस गई। बाद में क्रेन हटी तब रास्ता खुल सका।

    फैक्ट फाइल
    वर्ष 2023 से छह लेन फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा है। निर्माण पूरा होने की तिथि जनवरी 2026 तय है, लेकिन गति देखकर माना जा रहा है कि अगले वर्ष जून के पहले काम पूरा होने की उम्मीद नहीं है।

    अपने सामान के लिए बनाया सुरक्षा घेरा
    कहने को तो कार्यदायी संस्था ने जगह-जगह सुरक्षा घेरा बनाया है, लेकिन देवरिया बाईपास के अलावा ज्यादातर जगहों पर सुरक्षा घेरा खुद के सामान की सुरक्षा के लिए बनाया गया है। रुस्तमपुर के आगे कहीं ऐसा सुरक्षा घेरा नहीं है जो राहगीरों को सुरक्षा देता हो।

    कर्मचारी भी बिना सुरक्षा मानक कर रहे काम
    कार्यदायी संस्था के कर्मचारी भी बिना सुरक्षा मानक काम कर रहे हैँ। नियमानुसार हेलमेट लगाने के साथ ही अन्य सुरक्षा मानकों का पूरा ध्यान रखना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। शुक्रवार को फ्लाईओवर पर काम कर रहे कर्मचारियों ने किसी भी सुरक्षा मानक का पालन नहीं किया था। इन पर निगरानी रखने वाले भी मौके पर नहीं थे।

    फैक्ट फाइल

    • फ्लाईओवर की लंबाई - 2658.187 मीटर
    • फ्लाईओवर की चौड़ाई - तीन गुणे 7.5 मीटर
    • कुल होने वाला खर्च - 429.49 करोड़
    • कार्य की मूल स्वीकृति - 18-11-2022