Gorakhpur News: जूस विक्रेता हत्याकांड के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन, पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर किया सड़क जाम
गोरखपुर के कौड़ीराम में जूस विक्रेता मुन्ना साहनी की हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने कौड़ीराम-बांसगांव मार्ग पर जाम लगा दिया। उनका आरोप है कि पुलिस निर्दोष युवकों को प्रताड़ित कर रही है। सीओ बांसगांव के आश्वासन के बाद जाम खुला। एसपी दक्षिणी ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। मुन्ना साहनी की 15 अक्टूबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

ग्रामीणों को समझाते सीओ बांसगांव। जागरण
संवाद सूत्र,कौड़ीराम (गोरखपुर)। गोड़सरी गांव के लोगों ने रविवार सुबह कौड़ीराम-बांसगांव रोड पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों का कहना था कि जूस विक्रेता मुन्ना साहनी की हत्या के 10 दिन बाद भी पुलिस हत्यारों को पकड़ नहीं पायी। जांच के नाम पर निर्दोष युवकों को पकड़कर थाने में मारपीट की जा रही है।
सुबह नौ बजे शुरू हुआ जाम करीब दो घंटे तक चला। सीओ बांसगांव के समझाने पर आक्रोशित लोग सड़क से हटे,लेकिन हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ने की मांग पर अड़े हैं।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना था कि जब तक हिरासत में लिए गए युवकों को छोड़ा नहीं जाएगा, जाम नहीं खुलेगा।
आखिरकार क्षेत्राधिकारी बांसगांव ने मौके पर पहुंचकर समझाया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। इसके बाद धीरे-धीरे लोग शांत हुए और जाम समाप्त हुआ।
एसपी दक्षिणी जितेंद्र कुमार ने बताया कि किसी भी निर्दोष को प्रताड़ित नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों के आरोप की जांच कराई जाएगी। पूछताछ के लिए कुछ लोगों को थाने बुलाया गया था। हत्या का पर्दाफाश करने के लिए स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच की टीम भी छानबीन कर रही है। जल्द ही गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
गोली मारकर की गई थी हत्या :
गोड़सरी निवासी 52 वर्षीय मुन्ना साहनी की 15 अक्टूबर की रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वह कौड़ीराम कस्बे में फुटपाथ पर जूस की दुकान लगाकर परिवार चलाता था। रात दो बजे घर के बाहर सोते समय अज्ञात हमलावरों ने पीठ में गोली मारी।
पत्नी की नींद आवाज से खुली तो पहले उसने पंखे का कंडेंसर फटने का भ्रम किया, लेकिन जब पति को लहूलुहान देखा तो शोर मचाया। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां रास्ते में ही मौत हो गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।