गोरखपुर में बनेंगे आधुनिक बस शेल्टर, यात्रियों को मिलेगी राहत
गोरखपुर में नगर निगम और गैलेंट इस्पात लिमिटेड के सहयोग से गोरखनाथ रोड समेत चार प्रमुख स्थानों पर आधुनिक बस शेल्टर बनाए जाएंगे। इन शेल्टरों में यात्रियों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था, सूचना बोर्ड और पर्याप्त रोशनी होगी। निगम बोर्ड ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिससे यात्रियों को धूप, बारिश और ठंड से राहत मिलेगी।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर के यात्रियों को जल्द ही आधुनिक और सुविधाजनक बस शेल्टर की सौगात मिलने वाली है। नगर निगम ने निजी संस्था गैलेंट इस्पात लिमिटेड के सहयोग से शहर के चार प्रमुख स्थानों पर नए बस शेल्टर बनाने का फैसला किया है। इससे यात्रियों को धूप, बारिश और ठंड से राहत मिलेगी, साथ ही बसों का इंतजार करना भी आरामदायक होगा। नगर निगम बोर्ड ने इसकी मंजूरी दे दी है।
यह शेल्टर शहर के चार महत्वपूर्ण और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में बनाए जाएंगे। इन स्थानों में गोरखनाथ रोड, यातायात तिराहा, कार्मल स्कूल मोड़ और रेल म्यूजियम के सामने का क्षेत्र शामिल है। इन स्थानों का चयन यात्रियों की आवाजाही और जनसुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। गैलेंट इस्पात लिमिटेड ने नगर निगम को इन चारों स्थानों पर बस शेल्टर बनाने का प्रस्ताव भेजा था।
नगर निगम सदन ने इस प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। सदन की हरी झंडी मिलते ही अब जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस तरह का सहयोग शहर के विकास को गति देने में सहायक साबित होगा।
आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस
नए बस शेल्टर आधुनिक डिजाइन के होंगे और इनमें यात्रियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। शेल्टर में बैठने की आरामदायक व्यवस्था होगी, ताकि बुजुर्गों और महिलाओं को खड़े होकर इंतजार न करना पड़े। इसके अलावा, यात्रियों को बसों की जानकारी देने के लिए सूचना बोर्ड भी लगाए जाएंगे। रात के समय भी पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होगी, जिससे यात्रियों को सुरक्षा का एहसास हो।
बसों का इंतजार करने वाले यात्रियों को अक्सर परेशानी होती है, जिसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। निजी संस्था के सहयोग से शहर के चार जगहों पर बस शेल्टर बनाने की बोर्ड की स्वीकृति हो चुकी है।
निरंकार सिंह, अपर नगर आयुक्त
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।