Gorakhpur Airport: रनवे पर मुंबई के विमान में आई खराबी, उड़ान रद, यात्रियों का हंगामा
गोरखपुर एयरपोर्ट पर स्पाइस जेट की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। मुंबई से देरी से आई फ्लाइट उड़ान भरने से पहले ही खराब हो गई जिससे यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे और हंगामा किया। अधिकांश यात्रियों ने रिफंड ले लिया जबकि इंडिगो की फ्लाइट भी बारिश के कारण प्रभावित हुई।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। एयरपोर्ट पर मंगलवार को यात्रियों के धैर्य की कड़ी परीक्षा हुई। मुंबई से छह घंटे की देरी से आने वाली स्पाइस जेट की फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण उड़ान नहीं भर सकी। सुबह 10:30 बजे से एयरपोर्ट पर मौजूद 170 यात्री रात 9:30 बजे तक परेशान रहे।
टेकआफ से ठीक पहले तकनीकी खामी की वजह से विमान के एसी ने काम करना बंद कर दिया और पायलट ने उड़ान रद करने का फैसला लिया। अचानक हुई इस स्थिति से यात्री भड़क उठे और एयरपोर्ट परिसर में हंगामा करने लगे। एयरपोर्ट प्रशासन व विमानन कंपनी के अधिकारियों ने समझाकर शांत कराया।
स्पाइस जेट का विमान मुंबई से करीब छह घंटे की देरी से शाम 5:40 बजे गोरखपुर पहुंचा। लगभग 170 यात्रियों को लेकर रात 8:46 बजे जैसे ही यह विमान रनवे पर दौड़ा, अचानक एसी सिस्टम ने काम करना बंद कर दिया। पायलट ने तुरंत एटीसी को सूचना दी और विमान को वापस एप्रन पर खड़ा कर दिया। एयरलाइन की ओर से इसे तकनीकी खामी बताया गया।मुंबई जाने वाले यात्री सुबह से ही एयरपोर्ट पहुंच गए थे।
पहले फ्लाइट लेट होने के संदेश आते रहे, फिर उड़ान रद्द होने की घोषणा ने उनकी थकान और गुस्से को और बढ़ा दिया। एयरपोर्ट प्रशासन व एयरलाइन के अधिकारियों ने समझाकर सबको शांत कराया जिसके बाद अधिकांश ने रिफंड लिया, जबकि 20 से अधिक लोगों ने अगले दिन की फ्लाइट का टिकट कराया और टैक्सी से घर लौट गए।
मुंबई की बारिश का असर गोरखपुर आने वाली इंडिगो की फ्लाइट पर भी पड़ा। यह विमान शाम 5:20 बजे पहुंचना था, लेकिन रात 8:46 बजे गोरखपुर आया। नियमों के मुताबिक रात नौ बजे के बाद गोरखपुर से यात्री विमान उड़ान नहीं भर सकता, लेकिन विशेष अनुमति लेकर इसे आधे घंटे बाद उड़ान भरने की अनुमति दी गई।
एयरपोर्ट निदेशक आरके पाराशर ने बताया कि मुंबई में भारी बारिश के कारण उड़ानें देर से हो रही थीं। तकनीकी खराबी की वजह से स्पाइस जेट का विमान उड़ान नहीं भर सका। उन्होंने कहा कि बुधवार को दिल्ली से इंजीनियरों की टीम आएगी।जांच के बाद विमान की उड़ान होगी।
यह भी पढ़ें- UP News: गोरखपुर एयरपोर्ट पर विस्तारित एप्रन तैयार, अब एक साथ खड़े होंगे तीन विमान
सुबह से भूखे-प्यासे बैठे रहे, अंत में रद हो गई उड़ान
एयरपोर्ट पर फंसे यात्रियों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए लगाया लापरवाही का आरोप लगाया।महराजगंज के रहने वाले प्रदीप पटवा ने बताया कि सुबह नौ बजे एयरपोर्ट आ गया था। घर लौटने की सोच रहा था कि शाम सात बजे हमें विमान में बैठाया गया। रात तक सिर्फ इंतजार ही करना पड़ा।
गोरखपुर के आकाश राय ने बताया कि सुबह नौ बजे से बिना खाए-पिए एयरपोर्ट पर बैठा हूं। हर घंटे संदेश आता रहा कि फ्लाइट आगे खिसक रही है। अंत में रद हो गई।सोनौली के रहने वाले शुभांकर अपनी बहन के साथ मुंबई जा रहा थे उन्होंने बताया कि रनवे पर विमान दौड़ा और अचानक रुक गया। बोला गया तकनीकी खामी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।