UP Block Pramukh Chunav 2021: गोरखपुर में बीस में 14 ब्लाकों में भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचन तय
UP Block Pramukh Chunav 2021 गोरखपुर में 20 में से 14 ब्लाकों में भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। शुक्रवार की शाम उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि खोराबार में भी भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। गोरखपुर जिले में ब्लाक प्रमुख पद के चुनाव की तस्वीर भी काफी हद तक साफ हो गई है। 20 में से 14 ब्लाकों में भाजपा प्रत्याशियों का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। शुक्रवार की शाम उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर दिया जाएगा। उम्मीद जताई जा रही है कि खोराबार में भी भाजपा प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हो जाएंगे, यहां एक और प्रत्याशी ने पर्चा दाखिल किया है। पांच ब्लाकों में एक से अधिक प्रत्याशियों के मैदान में रहने की संभावना है, वहां मतदान कराना पड़ सकता है।
दिन भर रही गहमागहमी
लगभग सभी ब्लाकों पर सुबह 11 बजे के पहले ही भाजपा प्रत्याशी पहुंच गए थे। चरगांवा, भटहट में गहमागहमी के माहौल के बीच केवल भाजपा प्रत्याशियों ने ही पर्चा दाखिल किया। दूसरे प्रत्याशी भी पर्चा दाखिल करने आए थे लेकिन उन्होंने पर्चा दाखिल नहीं किया। भटहट में भी सुबह से माहौल गर्म रहा लेकिन भाजपा प्रत्याशी के नामांकन के बाद कोई और प्रत्याशी पर्चा दाखिल करने नहीं आया। पाली ब्लाक पर भी भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह के पुत्र शशि प्रताप सिंह ने ही नामांकन दाखिल किया। उनका भी निर्विरोध चुना जाना तय है।
पिपरौली ब्लाक में कालेसर के पूर्व प्रधान एवं भाजपा प्रत्याशी दिलीप कुमार यादव ने नामांकन किया। इस ब्लाक में पर्चा दाखिल करने वाले वह इकलौते प्रत्याशी रहे, उनका भी निर्विरोध निर्वाचन तय है। इसी तरह सरदारनगर में पूर्व प्रमुख एवं भाजपा प्रत्याशी शशिकला यादव, कैंपियरगंज में भाजपा प्रत्याशी अश्वनी जायसवाल, ब्रह्मपुर में भाजपा की सुमन यादव के सामने भी कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं है।
नवसृजित भरोहिया ब्लाक में डा. सुनीता सिंह का निर्विरोध निर्वाचन तय
नवसृजित भरोहिया ब्लाक में भाजपा प्रत्याशी डा. सुनीता सिंह का निर्विरोध प्रथम ब्लाक प्रमुख बनना भी तय हो गया है। बांसगांव में भाजपा प्रत्याशी लालमती देवी, पिपराइच में भाजपा के जनार्दन जायसवाल, भटहट में भाजपा प्रत्याशी एवं उत्तर प्रदेश बीज प्रमाणीकरण निगम के उपाध्यक्ष की बहू रेखा सिंह का भी निर्विरोध निर्वाचन तय हो चुका है। गगहा में भाजपा के शिवाजी चंद, कौड़ीराम में भाजपा प्रत्याशी एवं गोरखपुर ग्रामीण के विधायक बिपिन सिंह की पत्नी नीता सिंह एक बार फिर ब्लाक प्रमुख बन सकेंगी।
जंगल कौड़िया के पूर्व ब्लाक प्रमुख एवं भाजपा प्रत्याशी बृजेश यादव के सामने भी कोई प्रतिद्वंद्वी नहीं है, उनका भी निर्विरोध चुना जाना तय है। चरगांवा में भाजपा प्रत्याशी वंदना सिंह एवं गोला में कुसमावती देवी का निर्विरोध निर्वाचित होना तय है। खोराबार में भी नामांकन के दौरान माहौल गर्म रहा। यहां भाजपा प्रत्याशी शिव प्रसाद जायसवाल के अलावा रमावती देवी ने भी नामांकन किया है। नाम वापसी के बाद यहां भी निर्विरोध निर्वाचन हो सकता है।
इन ब्लाकों में हो सकता है चुनाव
जिले के पांच ब्लाकों बेलघाट, उरुवा, खजनी, बड़हलगंज व सहजनवा में चुनाव हो सकता है। बेलघाट में भाजपा प्रत्याशी पूजा सिंह के साथ ही शालिनी सिंह, प्रीति शाही एवं शकुंतला देवी ने भी नामांकन किया। चारो प्रत्याशियों का पर्चा वैध पाया गया है। शुक्रवार को यदि नाम वापस नहीं लिए गए तो यहां मतदान होना तय है। इसी तरह सहजनवां में भी भाजपा के कवलदीप, सपा समर्थित सभाजीत, निर्दल रेखा व कोइल ने भी नामांकन किया है। यहां भी मतदान की संभावना व्यक्त की जा रही है।
खजनी में भाजपा प्रत्याशी अंशू सिंह के अलावा रंजना सिंह एवं कमलावती की ओर से भी नामांकन किया गया है। उरुवा में भाजपा प्रत्याशी एवं खजनी विधायक संत प्रसाद की पुत्रवधु शांति देवी एवं प्रभावती देवी ने नामांकन किया है। यहां भी मतदान तय माना जा रहा है। बड़हलगंज में भाजपा प्रत्याशी राजीव पांडेय के साथ ही रामअशीष राय एवं श्रीनात तिवारी की पत्नी सुनीता तिवारी ने भी नामांकन किया है। उम्मीद जताई जा रही है कि परिणाम के लिए यहां भी नामांकन की नौबत आ सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।