Mauni Amavasya 2025: ब्रजघाट में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी, आठ को डूबने से बचाया
Mauni Amavasya kya hai ब्रजघाट में मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया और विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की। इस दौरान आठ श्रद्धालुओं को गंगा में डूबने से बचाया गया। गंगा में डुबकी लगा रहे श्रद्धालु बोल गंगा मैया की जय हर-हर गंगे के जयकारे लगाते हुए दिखाई दिए।

जागरण संवाददाता, ब्रजघाट (हापुड़)। तीर्थ नगरी ब्रजघाट में बुधवार को मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुबह घना कोहरा होने के बाद आस्था में डूबे लोगों ने गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित किया तथा विभिन्न मंदिरों में जाकर पूजा अर्चना की।
इस दौरान आठ श्रद्धालुओं को गंगा में डूबने से बचाया गया तो वहीं डीएम एसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर निरीक्षण कर लोगों से गहरे पानी में नहीं जाने को लेकर प्रेरित करते रहे।वहीं वाहनों का दवाब बढ़ने के बाद कुछ देर के लिए यहां जाम के हालात बने।
तीर्थ नगरी ब्रजघाट में बुधवार को मौनी अमावस्या पर सुबह से ही श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान शुरू कर दिया था। इस समय प्रयागराज में महाकुंभ पर्व चलने के कारण भारी संख्या में श्रद्धालु त्रिवेणी में स्नान के लिए पहुंच रहे है। इस बीच अनेक लोग वहां स्नान के लिए नहीं पहुंच पा रहे हैं।
ऐसे लोग तीर्थ नगरी ब्रजघाट में गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे है।यहां आए दिन हजारों श्रद्धालुओं का आगमन होता है, लेकिन विशेष पर्व पर यहां लाखों श्रद्धालुओं का आगमन होता है। इसमें हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली प्रदेश के साथ ही मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अमरोहा, मुरादाबाद आदि से श्रद्धालु गंगा स्नान करने के लिए पहुंचते हैं।
तीर्थ नगरी ब्रजघाट का निरीक्षण करते डीएम एवं एसपी। जागरण
बुधवार को मौनी अमावस्या पर यहां अनेक स्थानों से आए लोगों ने गंगा स्नान किया। अनेक श्रद्धालुओं ने श्रीसत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण किया तो वहीं हनुमान मंदिर, वेदांत मंदिर, अवंतिका मंदिर, शिव मंदिर सहित अन्य मंदिरों में जाकर धूप, दीप, पुष्प आदि से पूजा अर्चना की।
अनेक लोगों ने गरीब एवं असहाय लोगों को अन्न, वस्त्र, धन आदि का दान किया।इसके अतिरिक्त मौनी अमावस्या पर गढ़, ब्रजघाट, पुष्पावती पूठ सहित अन्य स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। पूर्व विधायक कमल सिंह मलिक द्वारा भंडा़रे का आयोजन किया गया तथा इस दौरान लोगों को प्रसाद का वितरण किया गया
गुंजते रहे जयकारे
बोल गंगा मैया की जय, हर-हर गंगे के जयकारों के कारण तीर्थ नगरी का तट गुंजायमान हो रहा था। शंख, मंत्र ध्वनि, जयकारे, भगवान श्री सत्यनाराण की कथा आदि के कारण पूरा तट भक्ति के रस में सराबोर दिखाई दे रहा था।मंदिरों से उठ रही घंटे घडियाल की ध्वनि एवं हर हर महादेव के जयकारे से अलग ही शोभा देखते बन रही थी। ठंड एवं कोहरे की परवाह किए बिना श्रद्धालु गंगा में स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे थे।
ट्रक के कारण थमे पहिए
ब्रजघाट पुल पर एक ट्रक खराब होने के कारण वहां वाहनों के पहिए थमने शुरू हो गए। इसके कारण वहां जाम के हालात बन गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने वहां वाहनों को लाइन लगाने के बाद आगे को बढ़ाया, जिसके बाद वहां से वाहनों ने रफ्तार पकड़नी शुरू की।
इसके अतिरिक्त हाईवे पर जाम न लगे इसके लिए पुलिस कर्मी सुबह से तैनात कर दिए गए थे। परिणाम स्वरुप लोगों को जाम के झाम से नहीं जुझना पड़ा।
डीएम एसपी ने किया निरीक्षण
मौनी अमावस्या पर भारी भीड़ को देखते हुए डीएम प्रेरणा शर्मा, एडीएम संदीप कुमार, एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एसडीएम साक्षी शर्मा सहित अन्य अधिकारियों ने निरीक्षण किया। जेट्टी बेरिकेडिंग पर चढ़ रहे लोगों को वहां हटाकर उनको गंगा में चयनित स्थान पर ही स्नान करने के लिए प्रेरित किया गया।
कुछ लोग गहरे पानी में जाने का प्रयास कर रहे थे। उनको पुलिस द्वारा सख्ताई एवं समझा बुझाकर बेरिकेडिंग के अंदर ही स्नान करने को कहा गया।इसके बाद डीएम एवं एसपी ने गढ़ स्थित कच्चा घाट, पुष्पावती पूठ का भी निरीक्षण किया।
आठ श्रद्धालुओं को डूबने से बचाया
पुलिस द्वारा लोगों को गंगा के गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए बार- बार प्रयास किया गया। इस बीच आरती स्थल से भी श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए साउंड के माध्यम से लगातार प्रेरित किया जा रहा था।बावजूद इसके आठ श्रद्धालु गहरे पानी में पहुंचने के कारण डूबने लगे। श्रद्धालुओं को डूबते हुए देख पुलिस एवं गोताखोरों ने आनन-फानन में सभी श्रद्धालुओं को सकुशल बचा लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।