Hapur Crime: पहली पत्नी को तलाक दिए बगैर पति ने किया दूसरा निकाह, पुलिस के पास पहुंची महिला
हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में एक विवाहिता ने अपने पति पर बिना तलाक दिए दूसरा निकाह करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे प्रताड़ित किया गया और बाद में ससुराल से निकाल दिया गया। महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है जिसमें पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।

जागरण संवाददाता, हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के एक गांव की विवाहिता ने पति पर उसे तलाक दिए बगैर दूसरा निकाह करने का आरोप लगाया है। पति व सास की प्रताड़ना से आहत पीड़िता अपने मायके में रह रही है। शनिवार को पीड़िता ने महिला थाने में शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायती पत्र में थाना देहात क्षेत्र के गांव असौड़ा की गुलबहार ने बताया कि 16 अप्रैल 2012 को उसका निकाह पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर खुरेजी खास के वसीम के साथ हुआ था। निकाह के कुछ माह बाद ही सास शकीला व पति वसीम ने अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी न होने पर आरोपित उसे प्रताड़ित करने लगे। पति शराब का सेवन कर पीड़िता के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि 26 अप्रैल 2025 को आरोपितों ने पीड़िता को बेरहमी से पीटा।
पीड़िता को ससुराल में रखने से मना कर दिया
पीड़ित ने मामले की जानकारी अपने भाई को दी। जिसके बाद भाई उसकी ससुराल पहुंचा। भाई उसे अपने साथ मायके में ले आया। एक माह बाद भी ससुराल पक्ष के लोग पीड़िता को लेने नहीं आए तब स्वजन ने उन्हें कॉल किया। इस पर आरोपितों ने पीड़िता को ससुराल में रखने से मना कर दिया। आरोप है कि पीड़िता के पति ने किसी महिला से दूसरा निकाह कर लिया है। पीड़िता ने महिला थाने में शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एसपी ज्ञानंजय सिंह ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।