शादी के बाद बच्चा और जेवर लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन, पुलिस ने पहले वाले पति के साथ किया गिरफ्तार
एक लुटेरी दुल्हन शादी के बाद बच्चे और गहने लेकर भाग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे उसके पहले पति के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला ...और पढ़ें

बच्चा और जेवर लेकर हुई फरार दुल्हन गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, हरदोई। आर्य समाज मंदिर में शादी कर विजय जिस दुल्हन को घर लाया। आठ माह बाद दुल्हन ने धोखा दे दिया। तीन दिसंबर की रात दुल्हन ने घर से जेवर समेटे और ननद के एक माह के बच्चे को उठाकर रात रफूचक्कर हो गई। पुलिस ने मामले में एफआआर दर्ज की।
सीसी कैमरे खंगालने और मोबाइल की लोकेशन पर पुलिस दुल्हन तक पहुंची। रविवार को पुलिस ने दुल्हन व उसके पहले पति को गिरफ्तार कर जेवर व बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने पूछताछ कर दोनों को जेल भेज दिया।
संडीला के ग्राम बेगमगंज के विजय कुमार ने बताया कि वह अविवाहित था। कुछ माह पहले लखनऊ में मोहिनी नाम की महिला से उसका संपर्क हुआ था। दोनों में नजदीकियां बढ़ गईं थी। आठ माह पहले उसने मोहिनी के साथ आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद वह दुल्हन को घर लेकर आया था।
मोहिनी ने आठ महीने में पूरे परिवार के दिलों में जगह बना ली थी। मोहिनी के व्यवहार से पूरा परिवार खुश था। एक माह पहले विजय की बहन ने बच्चे को जन्म दिया था। बच्चे की देखभाल मोहिनी करती थी। तीन दिसंबर की रात मोहिनी ने उसकी बहन का एक माह का बच्चा, घर में रखे जेवर व मोबाइल, नकदी चोरी की। रात के अंधेरे में घर से फरार हो गई थी।
जागने पर मोहिनी घर में नजर नहीं आई, बच्चा भी नहीं दिखा तो होश उड़ गए। खोजबीन करने पर मोहिनी का पता नहीं चला। दसरे दिन मोहिनी के विरुद्ध काेतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी।
पुलिस की तीन टीमें बच्चे की सकुशल बरामदगी के लिए गईं थीं। टीमें लगातार सीसी कैमरे खंगाल रही थीं। वहीं, सर्विलांस के जरिए मोबाइल की लोकेशन भी पुलिस तलाश रही थी। सीसी कैमरों व सर्विलांस की मदद से पुलिस मोहिनी तक पहुंची।
पुलिस ने लखनऊ से मोहिनी व उसके पहले पति लखनऊ के ठाकुरगंज के भमरौली विहार कॉलोनी के अमित को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों के पास से चोरी के आठ बिछिया 1057 रुपये, दो मोबाइल और बच्चे को सकुशल बरामद किए।
कोतवाल विद्यासागर पाल ने बताया कि पति से मनमुटाव होने पर महिला ने दूसरी शादी की थी। खुद के बच्चे न होने के कारण महिला ने बच्चे को चोरी करके पहले पति के पास चली गई थी।पूछताछ कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।
दो दिन में पुलिस ने खंगाले 100 से अधिक सीसी कैमरे
बच्चे को सकुशल बरामद करने में पुलिस टीमों ने अथक प्रयास किए। टीमों ने बेगमगंज से लखनऊ तक 100 से अधिक सीसी कैमरे खंगाले,रात दिन पुलिस टीमें दौड़ती रहीं। चोरी किए मोबाइलों की लोकेशन पर पुलिस नजर बनाए रही। आखिर में पुलिस को सफलता मिली।
पुलिस ने नवजात को सकुशल बरामद कर मां के सिपुर्द किया। बेटे को पाकर मां की आंखों में खुशी के आंशू छलक पड़े। पुलिस के लिए कार्यों की सराहना की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।