Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हाथरस में तेज रफ्तार कार ने खेलते बच्चे को रौंदा, कोतवाली पर पथराव, ढाई घंटे बवाल से बाधित रहा रेलवे ट्रैक

    Updated: Mon, 09 Feb 2026 01:18 AM (IST)

    हाथरस के मुरसान में एक तेज रफ्तार कार ने ढाई साल के बच्चे यश को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव के साथ मुरसान ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    जागरण संवाददाता,  हाथरस। तेज रफ्तार कार ने रविवार की दोपहर ढाई वर्ष के बच्चे की जान ले ली। घर के बाहर खेल रहे बच्चे को कार रौंदती चली गई। गंभीर हालात में अलीगढ़ रेफर किया गया। वहां मेडिकल कालेज में मृत घोषित करने के बाद स्वजन व क्षेत्र के लोगों का गुस्सा सड़क पर आ गया। शव लेकर मुरसान कोतवाली के बाहर करीब ढाई घंटे बवाल किया।

    मथुरा-बरेली मार्ग पर जाम लगाया। कार सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। इन्हें सिपुर्द करने की मांग करते हुए लोग कोतवाली में घुस गए। रेलवे ट्रैक पर युवकों को लिटाने के नारे लगाए जाने लगे। इसको लेकर पुलिस अधिकारियों की लोगों से नोकझोंक और धक्कामुक्की हुई।

    पुलिस ने सख्ती की तो लोग ट्रैक पर पहुंच गए और कोतवाली पर पथराव कर दिया। पुलिस ने भागकर जान बचाई। ट्रैक पर लोगों के पहुंचने के चलते एक घंटे रेलवे ट्रैक बाधित रहा। स्थिति बिगड़ती देख कई थानों की पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ा तब जाम खुल सका।

    बाद में पुलिस ने कार सवार तीसरे आरोपित सहित कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पथराव में नगर पंचायत चेयरमैन देशराज सिंह, कोतवाल वीपी गिरी सहित कई पुलिस जवान व करीब आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं।

    hathras news

    घर के बाहर खेल रहा था बच्चा

    हादसा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुआ। कस्बा मुरसान के मुहल्ला मढ़ैया निवासी रूप किशोर उर्फ रूपो का बेटा यश घर के बाहर खेल रहा था। तभी तेज रफ्तार अर्टिगा कार उसे रौंदती चली गई। इसमें तीन युवक सवार थे।

    लोगों का आरोप है कि कार सवार युवक नशे में थे। स्वजन और आसपास के लोग बच्चे को जिला अस्पताल ले गए। यहां से अलीगढ़ मेडिकल रेफर किया गया। शाम करीब साढ़े पांच बजे स्वजन शव लेकर कोतवाली आ गए। क्षेत्र के लोगों की भीड़ भी एकत्रित हो गई।

    कार सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर लाई। इन्हें साढ़े सात बजे दोनों युवकों को बाहर निकालने की मांग कर भीड़ कोतवाली में घुस गई। माहौल बिगड़ता चला गया।

    पथराव से पुलिस के 10 वाहनों के शीशे टूट गए। कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई, जिसने सख्ती कर भीड़ को हटाया तो लोग ट्रैक पर चले गए।

    कोतवाली पर हुए पथराव का वीडियो-

    पथराव में नगर पंचायत चेयरमैन देशराज सिंह सहित करीब आधा दर्जन लोगों को चोटें आई हैं। एएसपी रामानंद कुशवाह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

    ये किए गिरफ्तार

    कार सवार इगलास के गांव गुरसेना निवासी नेपाल सिंह, अजय व एक अन्य को पुलिस ने रेलवे फाटक के पास से गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ मृतक के पिता ने मुकदमा पंजीकृत कराया है। बलवा का मुकदमा पुलिस की ओर से 11 नामजद व कई अज्ञातों के खिलाफ पंजीकृत कराया गया है। इनमें शामिल रामबाबू, धीरज और बबलू को गिरफ्तार किया गया है।