Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिन मेंं तीखी धूप, शाम को झमाझम बारिश के साथ गिरे बड़े-बड़े ओले; हाथरस मेंं बढ़ी किसानों की परेशानी

    By Akash Raj Singh Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Tue, 31 Mar 2026 10:25 PM (IST)

    मंगलवार रात हाथरस में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे किसानों की गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा, जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। हालांकि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    हाथरस के बाजार में बारिश के बाद गीली सड़क।

    जागरण संवाददाता, हाथरस। मौसम में आए बदलाव से मंगलवार की रात झमाझम बारिश हुई। शाम को तेज आंधी आने से बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। मौसम बदलने से गर्मी से राहत जरूर मिली है।

    कई दिन से मौसम में बदलाव दिख रहा है। कभी आंधी तो कभी बादलों के छाने से लेकर हल्की बूंदाबांदी तक का मौसम बना हुआ था। मंगलवार की सुबह चारों ओर बादल छाए हुए थे। दोपहर में मौसम साफ होने से तेज धूप निकली। शाम को तेज आंधी आई, जिससे चारों ओर धूल का गुबार छा गया। शाम को ही ही कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई।

    इस दौरान जिले में कहीं हल्की तो कहीं झमाझम बारिश हुई। सादाबाद सहित कई जगह ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। इससे बाजारों में दुकानदार जल्द ही अपनी दुकान व प्रतिष्ठान को बंद कर घर चले गए। तेज हवा के साथ हुई बारिश से खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ गई।

    इस समय पकी फसल काटने की व्यवस्था चल रही है। इसी दौरान मौसम में आए बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। आंधी के चलते लोगों को बिजली संकट का सामना जरूर करना पड़ा मगर बारिश होने से गर्मी से राहत मिल गई।

    आंधी ने उड़ाया फ्यूज, कई घंटे गुल रही बत्ती

    आंधी के साथ आई बारिश ने बिजली का फ्यूज उड़ा दिया। शाम पांच बजे से ही शहर में सभी फीड़रों से जुड़े क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई। रात दस बजे तक बिजली नहीं आने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हाथरस ही नहीं सासनी, सिकंदराराऊ, सादाबाद सहित भसी जगह बिजली को लेकर लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

    कुछ इलाकों में तो सप्लाई बहाल हो गई थी मगर जहां बिजली नहीं थी वहां मच्छरों ने नींद हराम करना शुरू कर दिया था। विभागीय कर्मचारी आपूर्ति व्यवस्था बहाल करने की कोशिशों में जुटे हुए थे।