यूपी परिवहन विभाग का तोहफा, दिवाली-छठ पूजा के लिए दिल्ली-गोरखपुर रूट पर अतिरिक्त बसें होंगी संचालित
दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर रोडवेज विभाग दिल्ली और गोरखपुर रूट पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए डिपो की सभी 117 बसों को चलाया जाएगा। झांसी, कानपुर और लखनऊ रूट पर भी अतिरिक्त बसें चलेंगी। बस स्टैंड पर कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी और रिजर्व बसें भी रखी जाएंगी ताकि यात्रियों को कोई परेशानी न हो।

जागरण संवाददाता, उरई। दीपावली और छठ पूजा के मद्देनजर रोडवेज ने विशेष तैयारी की है। खासतौर पर दिल्ली और गोरखपुर रूट पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगवाए जाएंगे। इसके साथ ही डिपो की सभी बसों को मार्गों पर संचालित किया जाएगा। जिससे यात्रियों की भीड़ को संभाला जा सके।
दीपावली और छठ पूजा पर यात्रियों का आवागमन बढ़ जाता है। लंबी दूरी के यात्रियों को विशेष दिक्कत होती है चूंकि उनकी सीधी बस नहीं मिल पाती है। ट्रेनों में भीड़ रहती है। ऐसे में यात्री परेशान होते हैं। यही कारण है कि रोडवेज ने दूरस्थ स्थानों के पहल करते हुए उन रूटों पर अधिकाधिक बसें चलाने का निर्णय लिया है जहां पर यात्रियों की संख्या अधिक है।
जिले के तमम लोग दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में काम करते हैं, ये लोग दीपावली पर अपने घर आते हैं। उनकी सुविधा के लिए रोडवेज ने दिल्ली रूट पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही गोरखपुर अंचल के तमाम लोग यहां पर काम करने आते हैं। छठ पूजा, दीपावली पर यह लोग अपने घरों को जाते हैं।
इस वजह से गोरखपुर रूट पर भी अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही झांसी, कानपुर, लखनऊ रूट पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। डिपो की सभी 117 बसों को मार्गों पर दौड़ाया जाएगा। वैसे दीपावली पर निगम चालकों, परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन भत्ते का ऐलान करता है।
हालांकि अभी इसका आदेश नहीं मिला है, लेकिन उम्मीद है कि जल्द ही आदेश आ जाएगा। त्योहार के मद्देजर बस स्टैंड पर भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। जिससे कि यात्रियों को बसें मिलने में कोई दिक्कत न हो। रिजर्व बसों को भी रखा जाएगा, जिससे संबंधित रूट पर तत्काल बस सेवा संचालित की जा सके।
क्या कहते जिम्मेदार
रोडवेज यात्री सुविधाओं के लिए लगातार प्रयासरत रहता है। पर्वों के मद्देनजर विशेष व्यवस्था की जा रही है। दूरस्थ स्थानों के लिए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसके साथ ही डिपो की सभी बसों को मार्गों पर उतारा जाएगा। जिससे कि किसी भी रूट पर यात्रियों को बस से यात्रा करने के लिए दिक्कत न हो।
केके आर्य, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।