'बच्चों को अभी वापस घर छोड़कर जाओ'..., पत्नी को वीडियो कॉल कर ठेकेदार ने कनपटी पर मार ली गोली, मौत
उरई में पति ने वीडियो कॉल पर पत्नी से विवाद के बाद रिवॉल्वर से गोली मार कर आत्महत्या कर ली। उसके शरीर को खून से लथपथ हालत में माता-पिता ने देखा ताे फौरन अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है। परिजनों ने बताया कि वह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता भी था।

जागरण संवाददाता, उरई। पत्नी को वीडियो कॉल करते हुए कहासुनी बढ़ गई। इस पर ठेकेदार ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से कनपटी पर गोली मार ली। फायरिंग की आवाज सुनकर माता-पिता दूसरी मंजिल पर बने उसके कमरे में पहुंचे तो युवक खून से लथपथ हालत में तड़प रहा था।
उसके दाएं हाथ में ही रिवॉल्वर था और पास में मोबाइल भी चल रहा था। रात में ही घायल को सीएचसी लेकर जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति के शराब पीने की आदत को लेकर पत्नी ने उसे कई बार टोका था। इसी से नाराज होकर वह दो माह से मायके में रह रही थी।
मायके में रह रही थी बहू
पीड़ित पिता ने बताया कि पुत्र वधू मायके में रह रही थी, रविवार को घर आई थी और दोनों मासूम पुत्र, पुत्री को लेकर फिर मायके लौट गई थी। रात को घर लौटे पति को जब पिता से पता चला कि उसकी पत्नी आई थी और बच्चों को साथ ले गई तो उसने अपने कमरे में जाकर उसे वीडियो कॉल किया।
रात में ढाई बजे खुद को मारी गोली
इसी के बाद विवाद बढ़ जाने पर रात में ढाई बजे उसने यह कदम उठा लिया। घटना स्थल पर पहुंचे एसपी ने मुआयना किया, स्वजन से बातचीत की। पिता ने बताया कि उनका पुत्र नगर पालिका कोंच में तीन साल से ठेकेदारी का काम कर रहा था। साथ ही वह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता भी था।
पुलिस ने रिवॉल्वर को कब्जे में लिया
पुलिस ने रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है, जिसमें पांच कारतूस भरे हुए और एक खोखा मिला था। पुलिस के अनुसार, मोबाइल मौके से नहीं मिला था। मूलरूप से ग्राम अंडा के रहने वाले अवधेश पहारिया कोच नगर के जवाहर नगर में कई सालों से रह रहे हैं। नगर में ही इनका मेडिकल स्टोर है।
ठेकेदारी का करता था काम
घर में उनकी पत्नी ममता देवी व इकलौते पुत्र आकाश, पुत्र वधू गोल्डी उर्फ आयुषी, आठ वर्षीय पौत्र विख्यात, पांच वर्षीय पौत्री ख्याति हैं। 40 वर्षीय आकाश का विवाह कोंच नगर के मालवीय नगर निवासी उमेश चंद्र गुप्ता की पुत्री आयुषी के साथ 2014 में हुआ था। आकाश करीब तीन साल से कोंच नगर पालिका के कार्यों का ठेका लेकर ठेकेदारी का काम करने लगा था।
यह भी पढ़ें: रिटायर्ड फौजी ने रिवॉल्वर से खुद को गोली मार उतारा मौत के घाट, कमरे में खून से लथपथ पड़ी मिली लाश
भाजपा का था सक्रिय कार्यकर्ता
दो साल से वह भाजपा का सक्रिय कार्यकर्ता भी था। स्वजन ने बताया कि शराब पीने को लेकर दो माह पहले आकाश का पत्नी से विवाद हो गया था। पत्नी ने उसे कई बार नशा करके घर आने से मना किया था। इसी से नाराज होकर वह अपने मायके चली गई थी, उसके दोनों मासूम पुत्र पिता-बाबा-दादी के पास रह रहे थे।
रविवार की सुबह पत्नी आयुषी ससुराल आई थी। कुछ देर रुकने के बाद अपने मासूम बच्चों को अपने साथ लेकर चली गई थी। पिता ने बताया कि रविवार की रात 10:30 बजे आकाश घर आया था। उसे पता चला कि उसकी पत्नी दिन में घर पर आई थी और दोनों बच्चों को अपने साथ अपने पिता के घर ले गई, जिससे वह नाराज हो गया।
.jpg)
दाईं कनपटी पर गोली मार ली
उसने अपने कमरे में जाकर पत्नी को वीडियो कॉल किया। उससे कहा कि इसी वक्त वह बच्चों को वापस छोड़ जाए, जिससे दोनों में फोन पर ही वाद विवाद हुआ। इसके बाद आकाश ने रात करीब ढाई बजे फोन पर वीडियो कॉल के दौरान ही खड़े-खड़े रिवॉल्वर से दाईं कनपटी पर गोली मार ली।
गोली की आवाज नीचे वाली मंजिल में सो रहे पिता-माता ने सुनी तो भागकर ऊपर पहुंचे। पड़ोसियों की मदद से उसे सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। स्वजन के अनुसार जब कमरे में पहुंचे तो मोबाइल पर वीडियो कॉल वल रहा था। घटना के बाद पत्नी आयुषी भी मौके पर पहुंच गई थी।
पत्नी से विवाद में की आत्महत्या
सीओ डॉ. देवेंद्र पचौरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला दिखाई दे रहा है। पति-पत्नी के विवाद के चलते यह घटना घटित हुई है, पंचनामा के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना की जांच जा रही है। पिता अवधेश की ओर से दी गई तहरीर में आत्महत्या करने का जिक्र किया गया है।
रिवॉल्वर कब्जे में ले लिया गया है, इसका लाइसेंस आकाश के नाम है। रिवॉल्वर में पांच कारतूस भरे हुए व एक खोखा मिला था। भाजपा जिलाध्यक्ष उर्विजा दीक्षित ने बताया कि आकाश भाजपा पार्टी के सक्रिय सदस्य थे, पार्टी की होने वाली विभिन्न गतिविधियों में वह शामिल रहते थे, उनके पास कोई पद नहीं था।
वहीं जालौन के पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल पर जाकर मुआयना किया गया था। स्वजन से भी मामले की जानकारी हासिल की गई। इसमें मामला आत्महत्या का है, घटना की जांच कराई जा रही है।
यह भी पढ़ें: 'आंख फड़क रही है, अनहोनी होगी...', हिसार में ASI ने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर की आत्महत्या

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।