दीपावली में मिलावट का बड़ा खेल उजागर, कारखाने में रखा था 18 क्विंटल जानलेवा छेना
कन्नौज में दीपावली के लिए बन रही मिलावटी मिठाई का भंडाफोड़ हुआ। खाद्य सुरक्षा टीम ने एक कारखाने पर छापा मारकर 18 क्विंटल नकली छेना जब्त किया, जिसकी कीमत 2,28,000 रुपये थी। यह छेना सूजी, मिल्क पाउडर और रिफाइंड तेल से बनाया जा रहा था, जिसमें हाइड्रो भी मिलाया गया था। टीम ने छेना नष्ट कर दिया और नमूनों को जांच के लिए भेजा है।

संवाद सूत्र, जागरण, गुरसहायगंज (कन्नौज)। दीपावली बाजार में खपाने के लिए प्रतिबंधित खाद्य वस्तुओं के मिश्रण से मिठाई तैयार की जा रही हैं। एक के बाद एक मिलावट करके जानलेवा मिठाई बाजार में सप्लाई हो रही है। एक ऐसा ही मामला सामने आया है। इसमें नाम का छेना था लेकिन उसमें जानलेवा पदार्थ मिलाए गए थे।
खाद्य सुरक्षा टीम ने एक कारखाना में छापा मारकर 18 क्विंटल नकली छेना पकड़ा। जिसकी बाजार में कीमत 2,28,000 रुपये है। टीम ने गड्ढा खोदकर सेहत के लिए जानलेवा छेना को दबाकर नष्ट कराए। प्रयोगशाला भेजे गए नमूनों की रिपोर्ट आने पर टीम ने कार्रवाई की तैयारी की है।
मंगलवार को छिबरामऊ एसडीएम ज्ञानेंद्र कुमार द्विवेदी, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने गुरसहायगंज कस्बा के मुहल्ला रामकृष्ण नगर स्थित रिशु प्रजापति के मिठाई कारखाना में छापा मारा। इस दौरान टीम ने 446 किलो सूजी, 34 किलो स्कीम्ड मिल्क पाउडर, 210 लीटर रिफाइंड पामोलिन तेल और हाइड्रो बरामद किया। इसके अलावा इन खाद्य वस्तुओं से निर्मित 18 क्विंटल नकली तैयार किए छेना जब्त किए।
टीम ने जमीन में गड्ढा खोदकर नकली छेना दबाकर नष्ट कराए। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि छेना मिठाई दूध से तैयार की जाती है। जबकि कारखाना में सूजी, मिल्क पाउडर और रिफाइंड से छेना बनाए जा रहे थे। इसमें हाइड्रो भी डाला जा रहा था। सीएमओ डा. स्वदेश गुप्ता का कहना है कि हाइड्रो मिश्रित मिठाई खाने से लिवर और पेट की बीमारियों हो सकती है। इसके अधिक सेवन से जान भी जा सकती है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार साहू ने बताया कि छेना समेत सभी वस्तुओं के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए हैं। यहां से जांच रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री का कहना है कि पर्व अगर किसी ने भी नकली मिठाई या अन्य खाद्य वस्तुओं की बिक्री की, तो मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।