Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर के लोगों को अगले माह बड़ी राहत, जैपुरिया क्रासिंग आरओबी दीपावली से पहले होगा शुरू

    Updated: Tue, 16 Sep 2025 07:51 PM (IST)

    कानपुर में जैपुरिया रेलवे क्रॉसिंग पर बना आरओबी अक्टूबर में शुरू होगा जिससे लगभग डेढ़ लाख लोगों को जाम से राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य का जायजा लिया और अधिकारियों को दीपावली से पहले लोकार्पण कराने के निर्देश दिए। 60 करोड़ की लागत से बने इस पुल से कनेक्टिविटी सुधरेगी और लोगों को अस्पताल पहुंचने में आसानी होगी।

    Hero Image
    जैपुरिया रेलवे क्रासिंग पर बन रहे आरओबी में बनाई जा रही एप्रोच रोड। प्रशासन

    जागरण संवाददाता, कानपुर। लखनऊ-कानपुर रेलमार्ग पर कैंट में जैपुरिया रेलवे क्रासिंग उपरिगामी सेतु (आरओबी) अक्टूबर में दीपावली से पहले शुरू हो जाएगा। इससे स्कूली बसों, कार्यालयों में आने-जाने वालों, मरीजों को लेकर अस्पताल जा रहीं एंबुलेंस समेत लगभग डेढ़ लाख लोगों को प्रतिदिन के जाम से राहत मिलेगी। यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो जाएगी। जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह मंगलवार को पुल निर्माण की प्रगति लेने पहुंचे तब पता चला कि 98 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। राजकीय सेतु निगम के अधिकारियों ने उन्हें बताया कि 30 सितंबर तक एप्रोच मार्ग भी बन जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Kanpur DM

    जैपुरिया रेलवे क्रासिंग पर बन रहे आरओबी को लेकर सेतु निगम के अफसरों से बात करते जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ( बाएं )। प्रशासन

    जिलाधिकारी ने अफसरों से कहा कि दीपावली से पहले जनप्रतिनिधियों से पुल का लोकार्पण कराकर जनता की सुविधा के लिए खोलने में कोई कसर बाकी नहीं रहनी चाहिए। लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से 992 मीटर लंबे ओवरब्रिज से सर्किट हाउस से पनचक्की चौराहा तक की कनेक्टिविटी में बेहतरी आएगा।

    सिविल लाइंस, तिलक नगर, स्वरूप नगर, आर्य नगर समेत आसपास क्षेत्रों के लोगों को चकेरी एयरपोर्ट जाने के लिए भी सीधा रास्ता मिल जाएगा, जिससे उन्हें जरीब चौकी, झकरकटी, टाटमिल व रामादेवी चौराहा पर जाम में नहीं फंसना पड़ेगा। यहां पुल नहीं नहीं बनने से पहले तक प्रतिदिन 100 से अधिक पैसेंजर ट्रेनें व मालगाड़ियां निकलने से रेलवे फाटक बंद होने पर रोज लगने वाले लंबे जाम में स्कूली बसों, दफ्तर जाने वालों व एंबुलेंस तक को दिक्कत होती थी।

    कई बार जाजमऊ से फूलबाग तक वाहनों की कतारें लग जाती थीं। काफी समय से इसकी जरूरत महसूस की जा रही थी। जिलाधिकारी ने बताया कि पुल का मुख्य ढांचा रेलवे विभाग ने तैयार कराया है। एप्रोच मार्ग का काम सेतु निगम करा रहा है। पुल शुरू होने के बाद माल रोड, बिराहना रोड, नवीन मार्केट समेत आसपास की बाजारों, कचहरी, उर्सुला व एलएलआर अस्पताल पहुंचना पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगा। वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। इसे लेकर लोगों में खुशी दिखाई पड़ी।

    यह भी पढ़ें- कानपुर से पंजाब में प्रतिबंधित दवाओं के जरिए नशे की सप्लाई, पकड़ी खेप, गोविंदनगर से जुड़े तार