Kanpur News: पार्क बताएंगे कानपुर शहर का इतिहास-भूगोल, थीम आधारित होंगे तैयार
कानपुर नगर निगम शहर को नई पहचान देने के लिए पांच पार्कों को अलग-अलग थीम पर विकसित करेगा जिनमें आपरेशन सिंदूर थीम पार्क खास होगा जो सेना को समर्पित होगा। इंडस्ट्रियल चिल्ड्रेन शिवाय और हैपिनेस इंडेक्स थीम पर भी पार्क बनेंगे। इन योजनाओं पर 20 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके अतिरिक्त ड्रोन से सर्वे कराकर शहर के तालाबों और झीलों को पुनर्जीवित किया जाएगा।

जागरण संवाददाता, कानपुर। नगर निगम शहर को नई पहचान देने की तैयारी में है। नगर निगम ने पांच पार्कों को अलग-अलग थीम पर विकसित करने की योजना बनाई है। इनमें सबसे खास होगा आपरेशन सिंदूर थीम पार्क, जिसे सेना के शौर्य और देशभक्ति की भावना को समर्पित किया जाएगा। इसके अलावा इंडस्ट्रियल थीम, चिल्ड्रेन थीम, शिवाय थीम और हैपिनेस इंडेक्स थीम पर भी पार्क तैयार होंगे। इन योजनाओं पर नगर निगम 20 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि खर्च करेगा।
नगर निगम का क्षेत्रफल लगभग 260 वर्ग किमी में फैला है, जिसमें लगभग 40 लाख की आबादी है। शहर के प्रत्येक क्षेत्र में पर्यटन स्थलों को विकसित करने की योजना नगर निगम ने बनाई हैं। इसी के तहत थीम पार्क विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इस पहल का मकसद न सिर्फ पार्कों की सुंदरता बढ़ाना है बल्कि शहर की अलग-अलग पहचान को सामने लाना भी है।
आपरेशन सिंदूर थीम पार्क में टैंक, तोप और युद्धक विमान और ब्रम्होस मिसाइल के माडल लगाए जाएंगे और शहीद स्मारक बनाए जाएंगे ताकि युवाओं और बच्चों में देशभक्ति की भावना से जोड़ा जा सके। इंडस्ट्रियल थीम पार्क शहर की औद्योगिक धरोहर को सामने लाएगा और आगंतुकों को शहर के मैनचेस्टर आफ ईस्ट वाली छवि से रूबरू कराया जा सके।
चिल्ड्रेन थीम पार्क बच्चों के लिए आधुनिक झूले, ज्ञानवर्धक गतिविधियां और खेल की नई सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। गंगा घाट थीम पार्क में गंगा संस्कृति की झलक होगी, जिसमें घाटों की आकृतियां और जल संरचनाएं शामिल होंगी। वहीं हैपिनेस इंडेक्स थीम पार्क को स्वास्थ्य और फिटनेस केंद्रित सुविधाओं से सजाया जाएगा, जिसमें योगा और मेडिटेशन स्पेस बनाए जाएंगे।
इन थीम पार्कों से शहर को कई लाभ होंगे। शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ यह पर्यटन को भी नई दिशा मिलेगी। बाहरी पर्यटक सैन्य, औद्योगिक और घाट संस्कृति से जुड़े पार्कों की ओर आकर्षित होंगे, जिससे स्थानीय बाजार और दुकानदारों को भी फायदा होगा। बच्चों को खेलने और सीखने का नया अनुभव मिलेगा और युवाओं में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी। हैपिनेस इंडेक्स पार्क नागरिकों के स्वास्थ्य और मानसिक शांति को बढ़ावा देगा। इन पार्कों से कानपुर की स्मार्ट सिटी ब्रांडिंग को भी बल मिलेगा।
ड्रोन से झील और तालाबों को पता लगाएगा नगर निगम
नगर निगम ने शहर के प्राकृतिक जलस्रोतों को भी संवारने का बीड़ा उठाया है। इसके लिए पूरे शहर का ड्रोन सर्वे कराया जाएगा। ड्रोन की मदद से पुराने तालाब और झीलों को खोजकर चिन्हित किया जाएगा। जिन जलस्रोतों पर अतिक्रमण हुआ है उन्हें मुक्त कराकर पुनर्जीवित किया जाएगा। इसके लिए नगर आयुक्त ने टीम गठित कर दी है और प्रत्येक वार्ड के पार्षदों से अपने क्षेत्र की झील और तालाबों की जानकारी मांगी गई है। सर्वे के आधार पर जलस्रोतों को विकसित करने की कार्ययोजना तैयार होगी। नगर निगम की यह दोहरी पहल पार्कों को थीम आधारित रूप देना और झील-तालाबों को संरक्षित करना है। यह पहल शहर को न सिर्फ सुंदर बनाएगी बल्कि पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी नई पहचान दिलाएगी।
शहर में पांच स्थानों में थीम पार्क विकसित किए जाएंगे। इसमें एक पार्क आपरेशन सिंदूर की थीम पर विकसित होगा। थीम पार्क विकसित करने के लिए 20 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया जाएगा। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में झील और तालाब का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए ड्रोन से सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है।
सुधीर कुमार, नगर आयुक्त
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।