Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Board 10th-12th Topper 2026: कानपुर में 10वीं में दिशा और 12वी में अमित ने मारी बाजी, यूपी टाप 10 में बनाई जगह

    Updated: Thu, 23 Apr 2026 08:05 PM (IST)

    UP Board 10th-12th Topper 2026: कानपुर में यूपी बोर्ड 2026 के 10वीं और 12वीं के परिणाम घोषित हो गए हैं, जिसमें दिशा पांडेय और अमित साहू ने जिले में टॉ ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    दिशा और अमित। जागरण

    जागरण संवाददाता, कानपुर। Kanpur UP Board Result 2026 Topper success story, Kanpur Topper 2026: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद बोर्ड ने लगातार दूसरी साल अप्रैल में 10वीं और 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर परीक्षार्थियों का इंतजार खत्म किया। गुरुवार को जारी परिणाम में प्रदेश के शीर्ष 10 में जिले से छह और सिटी टापर की सूची में 24 मेधावियों ने स्थान हासिल किया।

    12वीं कक्षा में प्रदेश की मेरिट में जिले से एक और और सिटी टापर में 15 मेधावियों ने जगह बनाई। ओवरआल 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षार्थियों ने बेहतर परिणाम दिया। राज्यस्तर पर शीर्ष 10 मेधावियों में कानपुर नगर के पारितोष इंटर कालेज का दबदबा रहा। परिणाम घोषित होते ही स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल बन गया। सभी ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

    10वीं परिणाम में पारितोष इंटर कालेज, नौबस्ता की छात्रा दिशा पांडेय ने 96.83 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश के शीर्ष 10 मेधावियों में छठवां और जिले में पहला और छात्र अनुराग मिश्रा ने 96.67 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में सातवां और जिले में दूसरा, पटेल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज, गांधीग्राम के छात्र राज चौधरी, पारितोष इंटर कालेज, नौबस्ता के छात्र आलोक शाक्य और अशिकेत सोनकर ने 96.33 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश स्तर पर संयुक्त रूप से नौवां और जिले के टाप थ्री में जगह बनाई।

    पारितोष इंटर कालेज की छात्रा अंजलि सोनकर ने 96.17 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश में 10वां और जिले में चौथा और महर्षि डीबीएल इंटर कालेज, उमरी के छात्र अभय शुक्ला और ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कालेज, जवाहर नगर के छात्र श्रेयस पाठक ने 96 प्रतिशत अंक पाकर जिले के शीर्ष पांच मेधावियों में नाम दर्ज कराया।

    12वीं परिणाम में पारितोष इंटर कालेज, नौबस्ता के छात्र अमित साहू ने 96.20 प्रतिशत अंक पाकर प्रदेश के शीर्ष 10 में सातवां और जिले में पहला स्थान पाया। जिले में शीर्ष पांच होनहारों में पं. गुरुप्रसाद गयाप्रसाद इंटर कालेज, नौरंगा के छात्र अंजुल ने 95.20 प्रतिशत अंक पाकर दूसरा, आरएस एजुकेशन सेंटर इंटर कालेज में 94.80 प्रतिशत अंक पाकर तीसरा, एबीएस इंटर कालेज, धमाना बुजुर्ग के अर्पित कुशवाहा ने 94.60 प्रतिशत अंक पाकर चौथा, महर्षि डीबीएल इंटर कालेज, उमरी के छात्र रजत यादव ने 94.40 प्रतिशत अंक पाकर पांचवां स्थान पाया।

    बता दें, 10वीं में 46,432 में 44,074 परीक्षार्थी शामिल हुए और 41,959 बच्चे पास हुए। जिले का पास प्रतिशत 95.20 रहा। 12वीं में 46,052 में 44,714 परीक्षार्थी शामिल हुए और इनमें 38,516 बच्चे पास हुए। जिले का पास प्रतिशत 86.14 रहा।