Kanpur Weather News: कानपुर में फिर से सक्रिय होगा मानसून, जानें मौसम पूर्वानुमान, तेज बारिश
Kanpur Weather Update News कानपुर में बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने से बारिश की उम्मीद धराशायी हो गई। मौसम विभाग ने 13 अगस्त तक मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है। तापमान बढ़ने से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने से सोमवार को पूरे दिन शहरवासियों को वर्षा होने की उम्मीद रही। लेकिन देर शाम तक वर्षा न होने से निराशा हाथ लगी। मौसमी सिस्टम में हो रहे बदलाव से पूरे दिन बादलों की आवाजाही के बीच धूप खिली। दोपहर बाद बारिश हुई।
24 घंटे में वातावरण में नमी का अधिकतम प्रतिशत 95 से घटकर 89 पर पहुंचने से शहरवासी दिन भर उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। मौसम विभाग ने 13 अगस्त तक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवा का क्षेत्र मजबूत होने के बाद मानसून फिर से सक्रिय होने से वर्षा होने की संभावना जताई है। फिलहाल, अगले तीन दिन तक बादलों की आवाजाही के बीच चमकदार धूप खिलेगी। तापमान के साथ उमस भी बढ़ने के आसार हैं।
सीएसए कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा ने बताया कि मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 33.5 और न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वातावरण में नमी का प्रतिशत 95 से घटकर 89 और न्यूनतम प्रतिशत 71 से घटकर 61 पर पहुंच गया। दक्षिण-पश्चिम दिशा से हवा की औसत गति से 4.6 किमी प्रति घंटा की गति से हवा चलती रही। 14 अगस्त तक हवा, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि मानसून की गति धीमी पड़ गई है। बंगाल की खाड़ी से निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इससे अगले चार दिन बाद मानसून सक्रिय होने के आसार हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी है कि किसान उड़द-मूंग और ज्वार-बाजरा की बोआई के लिए तीन दिन का समय है। इसमें बोआई कर सकते हैं। धान की फसल में खुडका कीट का प्रकोप दिखने का अंदेशा है। इसलिए किसान कीटनाशक दवा का छिड़काव कर सकते हैं।
कुछ ही क्षेत्रों में हुई बारिश
दो दिन से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। दिन में धूप और बादल के बीच उमस काफी ज्यादा हो रही है। ऐसे में लोगों को बारिश से राहत की उम्मीद है। दोपहर बाद बारिश लोगों की उम्मीद पर खरा उतरी और स्वरूप नगर, सर्वोदय नगर सहित कुछ क्षेत्रों में बारिश हुई।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।