संदिग्ध हालात में बच्चे की मौत, लोगों ने मां पर फ्रिज में रखने का लगाया आरोप
कानपुर के बिल्हौर में एक साल के बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार वाले बीमारी को कारण बता रहे हैं लेकिन पड़ोसियों का कहना है कि बच्चे की मां ने उसे फ्रिज में रख दिया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बच्चे के शरीर में कोई हरकत न होते देखकर शोर मचाया। बच्चे को अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

संवाद सहयोगी, बिल्हौर। कस्बे के लोहिया नगर में एक वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। स्वजन ने बीमारी से बच्चे की मौत होने की बात कही। वहीं, आसपास के लोगों ने मां के द्वारा बच्चे को फ्रिज में रखने के कारण मौत होने की आशंका जाहिर की। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
कस्बे के लोहिया नगर निवासी रामआसरे यादव की बेटी लक्ष्मी का विवाह चार वर्ष पूर्व मैनपुरी के मनीरामपुर, नबीगंज निवासी सोनू यादव के साथ हुआ है। लक्ष्मी का एक वर्षीय पुत्र राजा है।
रामआसरे ने बताया कि चार माह पूर्व बेटी लक्ष्मी पौत्र राजा के साथ मायके आई थी। रविवार की रात नाती राजा सो नहीं रहा था। इस पर उन्होंने राजा को अपने साथ लिटा लिया। बच्चे के सोने के बाद वह भी छत पर सोने चले गए।
सुबह बेटी सोकर उठी तो बच्चे के शरीर में कोई हरकत न होते देखकर शोर मचाया। इस पर सभी लोग जाग गए। वह बच्चे को लेकर निजी अस्पताल गए। जहां परीक्षण के बाद डाक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत से स्वजन में कोहराम मच गया।
स्वजन के मुताबिक बच्चे के दांत निकल रहे थे। इसके चलते वह कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। स्वजन ने बीमारी से बच्चे की मौत होने की बात कही। वहीं, आसपास के लोगों के मुताबिक मृत बच्चे की मां लक्ष्मी का पति से विवाद चल रहा है। इसके चलते वह मायके में रह रही है।
मोहल्ले के लोगों में इसी विवाद के चलते मां द्वारा बच्चे को फ्रिज में रख देने से उसकी मौत होने की चर्चा रही। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू की।
इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। बच्चे के पिता व अन्य स्वजन के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- दुर्घटना बीमा के लिए 229 डाकघरों में तीन दिन लगेंगे शिविर, इलाज के लिए मिलेंगे इतने पैसे
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।