Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'जी मचलाने के साथ आता है पसीना', एक्सपर्ट ने इस तरह की गर्मियों में होने वाली कई समस्याओं का बता दिया इलाज

    Updated: Sat, 14 Jun 2025 05:22 PM (IST)

    कानपुर में गर्मी के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। डॉक्टर एसके गौतम ने लू और हीट-स्ट्रोक से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीने और संतुलित भोजन करने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि गर्मी में बिना कारण घर से बाहर न निकलें और बाहर निकलने पर पानी साथ रखें। वायरल संक्रमण होने पर आराम करें और बुखार आने पर दवा लें।

    Hero Image
    इम्यूनिटी को मजबूत कर लू और हीट-स्ट्रोक से बचें : डा. एसके गौतम

    जागरण संवाददाता, कानपुर। गर्मी के मौसम में कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। हीट स्ट्रोक, हीट थकावट, हीट क्रैम्प, हीट रैश, डिहाइड्रेशन के साथ ही संक्रामक रोग जैसे बुखार, जुकाम, खांसी, गले में संक्रमण ओपीडी में आने वाले हर दूसरे मरीज में दिख रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    हर दिन 100 से ज्यादा मरीज अकेले ही एलएलआर अस्पताल की ओपीडी में गर्मी के कारण होने वाली परेशानियों के कारण भर्ती हो रहे हैं। इससे बचाव के लिए दैनिक जागरण के हेलो डाक्टर में जीएसवीएम मेडिकल कालेज के प्रो. डा. एसके गौतम ने कहा कि लू और हीट-स्ट्रोक से बचाव के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी और संतुलित खान-पान जरूरी है।

    बाजार में बिकने वाले तला-भुना खाने से बचें। पर्याप्त नींद लें। तनाव मुक्त रहें। दोपहर 12 से चार बजे की तेज धूप के संपर्क में आने से बचें। उन्होंने कहा कि संक्रमण से बचाव और कोविड के नए वैरिएंट घबराएं नहीं। सतर्क रहें और भीड़भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। मास्क और सैनिटाइजर का प्रयोग करने से बचें। पेश है बातचीत के मुख्य अंश...

    गर्मी में होने वाली बीमारी से कैसे बचाव करें? - जय प्रकाश तिवारी, बर्रा एक।

    गर्मी में बिना कारण घर से बाहर नहीं निकलें। बाहर निकलने पर पानी की पर्याप्त मात्रा रखें और पानी की बोतल हमेशा साथ रखें। हल्का और सुपाच्य भोजन करें। बीपी और डायबिटिक हैं तो नियमित रूप से दवाएं लें। रोग मुक्त जीवन के लिए इम्यूनिटी को मजबूत करें। इसके लिए बैलेंस डाइट लें। नियमित योग करें। ध्यान और योग करने से मानसिक और शारीरिक स्थिति में सुधार होता है।

    दो दिन पहले बुखार आया था। अब ठंड लग रही है और शरीर में कमजोरी लग रही है? - गीता सचान, तात्या टोपे नगर।

    यह वायरल संक्रमण है। इसमें आराम करने से ही राहत मिलेगी। गले में खरास के लिए गरारे करें। बुखार आने पर पैरासिटामाल दवा लें। शरीर में पानी की कमी न होने दें। खाने में फल और हल्का भोजन करें। इलेक्ट्राल का प्रयोग करें। जरूरत लगे एलएलआर के मेडिसिन विभाग में दिखा लें।

    हमेशा जी मचलाना और पसीना आ रहा है। क्या करें? - अनिल कुमार, दामोदर नगर।

    पसीना निकलना अच्छी बात है। अगर अधिक पसीना आ रहा है तो एक बार मेडिसिन विभाग में दिखा लें। जी मचलाने का मुख्य कारण अधिक गर्मी हो सकती है। गर्मी को देखते हुए पानी की मात्रा बढ़ा दें। पानी में इलेक्ट्रोलाइट की मात्रा को बढ़ा दें। तला और भुना खाने से बचें।

    मेरी उम्र 60 वर्ष है। दो दिन से चलने में थकावट लग रही है। चल नहीं पा रहा हूं? - शरद तिवारी, आचार्य नगर।

    यह गर्मी का असर है। ऐसे में शरीर को पूरी तरह से आराम दें। पानी की मात्रा बढ़ा दें। खाना हल्का खाएं और पर्याप्त नींद लें। दिक्कत होने पर एलएलआर अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में दिखा लें।

    कोविड का असर इस बार भी खतनाक है क्या, इससे कैसे बचाव करें? - जय प्रकाश साहू, आजाद नगर।

    कोविड का नया वैरिएंट जेएन वन सामान्य बुखार, जुकाम और खांसी के रूप में आकर चला जाएगा। इसकी प्रभावित करने की क्षमता कम है। फिर भी मास्क का प्रयोग करें, सैनिटाइजर का प्रयोग करें और भीड़ भाड़ वाले स्थान पर जाने से बचें। इससे डरने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है।

    मेरे हृदय की सर्जरी हो चुकी है। अधिक गर्मी महसूस हो रही है। क्या करें? - त्रिलोकी प्रसाद पाल, कल्याणपुर पतरसा।

    गर्मी में अधिक पसीना आने के कारण शरीर में सोडियम की कमी हो जाती है। इस कारण बीपी का स्तर गड़बड़ाता है। इस कारण भी अधिक गर्मी महसूस होती है। शरीर में पानी की मात्रा कम न होने दें और नियमित रूप से बीपी की जांच कराएं।

    कुछ भी खाना पीना अच्छा नहीं लगता है। बुखार आ रहा है? - गिरिश चंद्र, अहिरवां।

    भूख नहीं लगने के कई कारण होते हैं। इसके लिए एक बार मेडिसिन विभाग में दिखा लें। कुछ जांच के बाद ही बीमारी का कारण पता लगाया जा सकता है। भूख नहीं लगने में लिवर की बीमारी कारण बनती है।

    गर्मी में तेज धूप में निकलने से चेहरा पर लालपन और आंख से धुंधला दिखता है। क्या करें? - सुमित शुक्ला, पनकी।

    तेज धूप में निकलने से बचें। हेमलेट कप प्रयोग करें। चेहरे पर सनस्क्रीम लगाकर ही निकलें। तेज धूप में आंखों पर भी असर पड़ता है। ऐसे में धूप का चश्मा जरूर लगाएं। अधिक धूप के संपर्क में लंबे समय तक रहने से इस प्रकार की समस्या होती है।

    पूरे बदन में पसीना के कारण खुजली हो रही है। भूख नहीं लग रही है? - अब्दुल रशिद, शुक्लागंज।

    यह गर्मी के कारण होता है। गर्मी में अधिक पसीना के कारण साल्ट निकलता है। बचाव के लिए शरीर को साफ रखें। अधिक गर्मी के कारण भूख कम हो जाती है। गर्मी में पाचन की क्षमता कमजोर हो जाती है। इसलिए ऐसा होता है। फल, खिचड़ी और दही का सेवन करें। यह लाभकारी होगा।

    बीपी, डायबिटिक, हृदय रोगियों को गर्मी में विशेष बचाव करना चाहिए क्या? - राधेश्याम शुक्ला, गीतानगर।

    जी, गर्मी में क्रोनिक डिसीज के मरीजों को विशेष ख्याल रखने की जरूरत है। ऐसे मरीजों में हीट-स्ट्रोक का खतरा अधिक रहता है। पानी की मात्रा शरीर में अधिक रखें। खान-पान बेहतर रखें। एक बार विशेषज्ञ से मिलकर मौसम के बदलाव में दवाएं संशोधित करा लें।

    डिहाइड्रेशन और लू के लक्षण को कैसे पहचानें और बचाव कैसे करें? - अफसार, अहमद, विजय नगर।

    शरीर में पानी की कमी डिहाइड्रेशन और शरीर के तापमान पर असर पड़ना लू के कारण होता है। इसके लक्षण में कमजोरी, मुंह का सूखना और उलझन होती है। बचाव के लिए खान-पान बेहतर करें।

    रात में नींद नहीं आती है। कई बार पेशाब के लिए जाना पड़ता है? - वीके मिश्रा, काकादेव।

    डायबिटिक अनियंत्रित होने से इस प्रकार की समस्या हो जाती है। एक बार अपने डाक्टर को दिखा लें। इसके साथ ही अधिक उम्र में प्रोस्टेट बढ़ जाती है। एक अल्ट्रासाउंड कराकर एलएलआर अस्पताल के मेडिसिन विभाग की ओपीडी में दिखा लें।

    इन बातों का रखें ध्यान 

    • - बाजार में बिकने वाले फल और खाद्य पदार्थ के सेवन से बचें।
    • - खुले में बिकने वाले शीतल पेय का सेवन कतई नहीं करें।
    • - दोपहर 12 से शाम चार बजे की धूप में निकलने से बचें।
    • - गर्मी में अधिक पसीना निकलने के कारण इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो सकती है। इसकी पूर्ति के लिए इलेक्ट्राल का प्रयोग करें।
    • - गर्मी में छाछ, दही, मट्ठा, सत्तू का पेय लाभकारी होता है।
    • - क्रोनिक डिसीज से ग्रसित मरीज दवाएं समय पर लें और पानी की मात्रा पर्याप्त रखें।
    • - गले में खरास होने पर गुनगुना पानी और नमक के गरारे करें।

    इन्होंने किए प्रश्न 

    शिव कुमार पांडेय, कल्याणपुर। माया रावत, नानकारी कानपुर। सुरेश अवस्थी, पांडु नगर। शशि यादव, कल्याणपुर। वेद प्रकाश गुप्ता, बारा सिरोही। डा. पीके शुक्ला, कल्याणपुर। आरबी सैनी, पंचवटी विनायकपुर। सारिका गुप्ता, यशोदा नगर। सुरिंदर कौर, गोविंद नगर। जगदंबा सुहानी, धनकुट्टी। आरके तिवारी, पनकी।

    comedy show banner