Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    कानपुर देहात में दिवाली पर 60 करोड़ का हुआ व्यापार, सोना-चांदी से लेकर लाइटों की खूब हुई बिक्री

    Updated: Fri, 24 Oct 2025 11:00 AM (IST)

    कानपुर देहात में दीपावली पर बाजारों में खूब रौनक रही। लोगों ने सजावट, पूजा सामग्री, मिठाई, सोना-चांदी और वाहन खरीदे। पटाखों की भी खूब बिक्री हुई। उद्योग व्यापार मंडल के अनुसार, जिले में लगभग 60 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हुआ। घरों की रंगाई-पुताई और सजावट के सामान की भी खूब बिक्री हुई। व्यापारियों में खुशी की लहर है।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। दीपावली के चलते कस्बों व गांवों की बाजारें खूब गुलजार रहीं। लोगों ने सजावटी समान के अलावा पूजा, पकवान, मिठाई के साथ ही धनतेरस पर सोना चांदी और वाहनों की जमकर खरीदारी की। वहीं पटाखों का बाजार भी भीड़ भाड़ वाला रहने से अच्छी बिक्री हुई जिससे दुकानदारों को अच्छी आमदनी भी हुई है। उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों के अनुसार दीपावली पर जिले का करीब 60 करोड़ रुपये से अधिक का व्यापार हुआ है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कई दिनों तक चलने वाले इस त्योहार पर सबसे पहले घरों, प्रतिष्ठानों, कार्यालयों आदि की साफ सफाई और रंग रोगन से शुरू होती है जिसके चलते पुट्टी, पीओपी, पेंट, चूना, कलई की बिक्री शुरू हुई। बाद में घरों को सजाने के लिए रंग बिरंगी झालरों, लाइटों के अलावा बनावटी फूल पत्तियों की खरीद लोगों ने की। दीपों का त्योहार नजदीक आया तो धनतेरस पर अपनी अपनी सामर्थ्य के अनुसार किसी ने बर्तन तो किसी ने सोना चांदी व वाहनों आदि की खरीदारी की।

    वहीं पर्व पर पूजा सामग्री से लेकर लइया, गट्टा, मीठे खिलौना व मिठाइयों की दुकानों में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ के चलते बजार गुलजार रहे। उद्योग व्यापार मंडल पुखरायां के अध्यक्ष अमित मिश्रा ने बताया कि दीपावली पर करीब चार से पांच करोड़ का व्यापार हुआ है।

    वहीं रूरा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशुतोष मिश्रा ने बताया कि कस्बा में करीब तीन से चार करोड़ का व्यापार हुआ है। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल अकबरपुर के अध्यक्ष दुर्गेश शर्मा व वरिष्ठ जिला महामंत्री पीयूष कौशल ने बताया कि करीब 20 करोड़ का व्यापार हुआ है।

    वहीं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष आशीष गुप्ता मोनू ने बताया कि दीपावली पर पूरे जिले का व्यापार करीब 60 करोड़ से अधिक का रहा है। यह त्योहार सभी व्यापारियों के लिए मुनाफा लेकर आया।