सब्जी में नमक अधिक होने पर भड़क गया पति, छत से गर्भवती पत्नी को दिया धक्का; मौत
कासगंज में रामशरण नामक एक व्यक्ति ने सब्जी में अधिक नमक होने पर अपनी गर्भवती पत्नी ब्रजबाला को छत से धक्का दे दिया जिससे उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति और ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने आरोपी पति को पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तहरीर का इंतजार कर रही है।

जागरण संवाददाता, कासगंज। जरा-जरा सी बात पर पत्नी के साथ मारपीट करने वाले पति ने सारी हदें तब पार कर दीं, जब सब्जी में अधिक नमक होने पर पांच माह की गर्भवती पत्नी को छत से धक्का दे दिया। उपचार के दौरान बुधवार देर रात उसकी मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति और ससुरालीजनों पर साजिशन हत्या के आरोप लगाए हैं।
वहीं ग्रामीणों ने आरोपित पति को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। उत्तर प्रदेश के कासगंज में ईंट-भट्ठा मजदूर रामशरण की शादी पांच वर्ष पूर्व ब्रजबाला से हुई थी। दोनों का तीन वर्ष का बेटा है। ब्रजबाला के चचेरे भाई देवेंद्र ने बताया कि रामशरण प्रतिदिन रात में नशे में उसकी बहन के साथ मारपीट करता था।
बुधवार दोपहर ब्रजबाला ने सब्जी-रोटी बनाई थी। रामशरण ने छत पर खाना मंगाया। वह खाना देकर नीचे आ गई। इसके बाद रामशरण ने फिर से आवाज देकर बुलाया। जब वह छत पर पहुंची तो सब्जी में नमक ज्यादा होने की शिकायत करते हुए मारपीट की और छत से धक्का दे दिया।
पांच माह की गर्भवती ब्रजबाला सीढि़यों से लुड़कते हुए नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। गंभीर हालत में अलीगढ़ स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार देर रात मृत्यु हो गई। घटना के बाद ससुरालीजन खुला घर छोड़कर भाग गए। चचेरे भाई देवेंद्र ने बहन की हत्या में सास, जेठ, जेठानी व अन्य ससुरालीजनों के शामिल होने का आरोप लगाया।
रात में मौत की खबर आने पर ग्रामीणों ने आरोपित पति रामशरण को पुलिस के हवाले कर दिया है। एएसपी राजेश भारती का कहना है कि सब्जी में नमक अधिक होने पर पत्नी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।