Move to Jagran APP

बीत गया 2023… इस साल यूपी में घटी ऐसी वारदातें जिन्होंने लोगों को हिला दिया, क्या आपने भी सुना?

आज साल का आखिरी दिन है और इसके साथ ही यह साल सिर्फ यादों में रह जाएगा। इस पूरे साल उत्तर प्रदेश में कई घटनाएं ऐसी घटी जिन्होंने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया। इन घटनाओं में गैंगस्टरों की हत्या से लेकर लूट की खौफनाक वारदातें शामिल हो चली हैं। आइए नए साल के स्वागत से पहले एक बार साल 2023 की सनसनीखेज घटनाओं पर क्रमवार नजर डालते हैं।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Sun, 31 Dec 2023 06:34 PM (IST)
Hero Image
बीत गया 2023… इस साल यूपी में घटी ऐसी वारदातें जिन्होंने लोगों को हिला दिया, क्या आपने भी सुना?

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। आज साल का आखिरी दिन है और इसके साथ ही यह साल सिर्फ यादों में रह जाएगा। इस पूरे साल उत्तर प्रदेश में कई घटनाएं ऐसी घटी, जिन्होंने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया। इन घटनाओं में गैंगस्टरों की हत्या से लेकर लूट की खौफनाक वारदातें शामिल हो चली हैं।

आइए नए साल के स्वागत से पहले एक बार साल 2023 की सनसनीखेज घटनाओं पर क्रमवार नजर डालते हैं-

प्रयागराज में उमेश पाल हत्याकांड

साल की शुरुआत में फरवरी महीने में उमेश पाल की हत्या हुई। उमेश पाल राजू पाल हत्याकांड के गवाह थे। राजू पाल की हत्या मामले में माफिया अतीक अहमद का भी नाम था, इस वजह से माफिया अतीक अहमद उमेश को अपना दुश्मन मानता था। माफिया अतीक बेशक उस वक्त अहमदाबाद की जेल में बंद था, लेकिन माना जाता है कि उसने अपने बेटों और गुर्गों की मदद से उमेश पाल की हत्या करवाई। उमेश की हत्या 24 फरवरी 2023 को उसके गली के बाहर की गई थी।

प्रयागराज में ही मारे गए अतीक और अशरफ

उमेश पाल की हत्या के बाद प्रदेश में खौफ का माहौल बन गया था। इस मामले में जांच शुरू हुई, जो माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ तक पहुंची। माफिया अतीक को अहमदाबाद से प्रयागराज लाया गया था। इसके साथ ही बरेली जेल में अशरफ को भी कोर्ट में हाजिर किया गया। 

पेशी के दिन 15 अप्रैल 2023 को दोनों को मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां से वापस लौटते समय मीडियाकर्मियों की भी भीड़ में शामिल तीन बदमाशों शूटर अरुण मौर्या, सनी और लवलेश तिवारी ने अतीक अहमद और अशरफ को गोलियों से भून दिया था।

लखनऊ कोर्ट में गैंगस्टर जीवा की हत्या

गैंगस्टर जीवा एक हाई प्रोफाइल गैंगस्टर हुआ करता था। वह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लोगों से लेकर प्रशासन तक के लिए सिर दर्द बन गया था। 07 जून 2023 को कुख्यात अपराधी संजीव जीवा की लखनऊ सिविल कोर्ट के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। इस हत्याकांड में हत्‍यारे वकील बनकर आए थे। 

सरयू एक्सप्रेस में मिली घायल सिपाही 

30 अगस्त 2023 को अयोध्या में सरयू एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सीट के नीचे खून से लथपथ मह‍िला सिपाही के मिलने से हड़कंप मच गया। मह‍िला स‍िपाही की सुलतानपुर जिले तैनात थी और मेला ड्यूटी कर के लौट रही थी। मामले की जांच होने पर आरोपियों की पहचान हुई। गिरफ्तारी के दौरान 22 सितंबर को पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीसरा आरोपी मार गिराया गया था।

शर्मनाक हरकत, दर्दनाक अंजाम

16 सितंबर 2023 को यूपी के अंबेडकरनगर जिले से एक शर्मनाक और दर्दनाक घटना सामने आई। घटना में पहले शर्मनाक हरकत की गई, जिसका अंजाम दर्दनाक हादसे में बदल गया। यहां एक बाइक सवार शोहदे ने स्कूल से घर लौट रही छात्रा का दुपट्‌टा खींच लिया, जिस कारण वह सड़क पर गिर गई, इतने में ही पीछे से आई एक बाइक ने उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। 

देवरिया में नरसंहार, बना सियासी मुद्दा

उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में 02 अक्टूबर 2023 की सुबह खूनी संघर्ष में छह लोगों की हत्या हो गई। फतेहपुर गांव में भूमि विवाद को लेकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया। मरने वालों में पांच लोग एक ही परिवार के शामिल थे। इस नरसंहार से पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था। वहीं, इसे सियासी मुद्दा भी बना लिया गया था।

मथुरा में व्यापारी के घर लूट के बाद हत्या 

03 नवंबर 2023 की रात मथुरा में एक सनसनीखेज घटना घटी। यहां गुरु कृपा विलास निवासी शहर के प्रमुख मुकुट कारोबारी कृष्णा अग्रवाल के यहां दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया था। हमलावरों ने घर में घुसकर कारोबारी की पत्नी कल्पना अग्रवाल की नृशंस हत्या एवं कारोबारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। हमलावर घर से करोड़ों रुपये, आभूषण तथा कारोबारी की इनोवा को लेकर भाग गए थे।

कन्नौज में एक और बिकरू कांड, सिपाही की मौत

25 दिसंबर 2023 को कन्नौज जिले में हुई मुठभेड़ में बिकरू कांड की याद ताजा हो गई। यहां  हिस्ट्रीशीटर अशोक उर्फ मुन्ना को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। घायल सिपाही की इलाज के दौरान मौत हो गई। सिपाही की मौत के बाद मामला पूरे प्रदेश में छा गया। हालांकि बाद में हिस्ट्रीशीटर अशोक और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया।

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।