पंजाब में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित, पीड़ितों को राहत देने में विफल रही सरकार: अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंजाब सरकार पर बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में विफलता का आरोप लगाया। उन्होंने गायक मनकीरत सिंह को बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए सराहा। अखिलेश ने भाजपा सरकार को किसान युवा और महिला विरोधी बताते हुए कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा देने की मांग की।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पंजाब में बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं, लेकिन सरकार उन्हें राहत पहुंचाने में विफल रही है।
मंगलवार को उन्होंने पंजाब के लोकप्रिय गायक मनकीरत का सम्मान किया। कहा कि मनकीरत ने पंजाब के बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए पांच करोड़ रुपये खर्च किए। इसके लिए उन्होंने उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि सिख समाज ने देश-विदेश में अपनी मेहनत और पहचान बनाई है, लेकिन सरकार ने उनकी अपेक्षित मदद नहीं की।
आरोप लगाया कि भाजपा की डबल इंजन सरकार किसान, नौजवान और महिला विरोधी है। प्रदेश में हिरासत में मौतें और फर्जी मुठभेड़ हो रही हैं, महिलाएं व बच्चियां असुरक्षित हैं और कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। लोकतंत्र में वोटों की लूट की जा रही है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों की सुरक्षा और पशुओं के चारे की कोई व्यवस्था नहीं है। सरकार को चाहिए कि पीड़ित परिवारों को नुकसान की भरपाई करे, दवा-इलाज की सुविधा उपलब्ध कराए और बाढ़ के बाद फैलने वाले रोगों की रोकथाम की पहले से तैयारी करे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।