'ब्रह्मोस मिसाइल ने छुड़ाए पाकिस्तान के छक्के', उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आत्मनिर्भर भारत को लेकर क्या-क्या कहा?
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य है, जिसमें आत्मनिर्भर भारत एक बड़ा कदम है। ब्रह्मोस मिसाइल ने आपरेशन सिंदूर में अद्भुत प्रदर्शन किया। हवाई अड्डों की संख्या में वृद्धि हुई है और जेवर में एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा तैयार है। सरकार स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिला रही है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के बारे में बुधवार को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से शुरू हुआ आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती तक चलाया गया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 2047 में विकसित भारत का जो संकल्प लिया है, आत्म निर्भर भारत उस दिशा में एक बड़ा कदम है। देश में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल ने आपरेशन सिंदूर में अपना अद्भुत कौशल दिखाने का कार्य किया और पाकिस्तान के छक्के छुड़ा दिए।
डिफेंस सेक्टर के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में भी हवाई अड्डों की संख्या में भी बड़ी तेजी के साथ वृद्धि हुई है। आजादी के बाद मात्र 74 हवाई अड्डे थे, जिनकी संख्या आज कई गुना बढ़ चुकी है। एशिया का सबसे बड़ा हवाई अड्डा जेवर में बनकर तैयार है, जिसका जल्द ही लोकार्पण होगा।
मुरादाबाद का पीतल उद्योग, पीलीभीत की बांसुरी अमरोहा की ढोलक अलीगढ़ के ताले, राजधानी की चिकनकारी, टांडा का हस्त निर्मित वस्त्र, प्रतापगढ़ का आवंले का मुरब्बा, प्रयागराज का अमरुद, सिद्धार्थनगर का काला नमक चावल की तरह हर जिले में बेहतर उत्पाद पहले से उपलब्ध थे, लेकिन उनको दुनिया में पहचान दिलाने का काम हमारी सरकार ने किया है।
65 प्रतिशत मोबाइलों की स्क्रीन भी नोएडा में बनती है। मीडिया प्रभारी प्रवीण गर्ग ने बताया कि प्रेस वार्ता में भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, अभिषेक खरे, रजनीश गुप्ता, घनश्याम अग्रवाल, अशोक तिवारी, राकेश सिंह समेत कई भाजपा नेता मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।