Bharat Parv Gujrat: गुजरात के भारत पर्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग भी बना भागीदार
Bharat Parv In Gujarat: ब्रज की रसधारा, अवध की विरासत, बुंदेलखंड की वीरता और पूर्वांचल की लोक धुनों की प्रस्तुति की जाएगी। इसके लिए राज्य से 12 विशिष्ट विधाओं के 72 कलाकारों का दल गुजरात भेजा गया है।

गुजरात के एकता नगर में 15 नवंबर तक भारत पर्व
राज्य ब्यूराे, जागरण, लखनऊः लाैह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के एकता नगर में 15 नवंबर तक आयोजित हो रहे भारत पर्व में उत्तर प्रदेश पर्यटन एवं संस्कृति विभाग भी भागीदार बना है। इस पर्व में पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, लोक-परंपराओं और पर्यटन की विविधता को एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ प्रस्तुत कर रहा है।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि भारत पर्व के मंच पर आने वाले दिनों में पर्यटन विभाग उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करेगा। उन्होंने बताया कि ब्रज की रसधारा, अवध की विरासत, बुंदेलखंड की वीरता और पूर्वांचल की लोक धुनों की प्रस्तुति की जाएगी। इसके लिए राज्य से 12 विशिष्ट विधाओं के 72 कलाकारों का दल गुजरात भेजा गया है।
भारत की विविधता दर्शाने का 15 दिन का सांस्कृतिक समागम भारत पर्व शनिवार शाम गुजरात के एकता नगर में प्रारंभ हाे गया है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को प्रदर्शित करने वाले उत्सव का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उद्घाटन समारोह में कहा कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और एकता नगर, एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना के प्रत्यक्ष प्रमाण हैं और दुनिया के लिए प्रकृति, प्रगति और सांस्कृतिक विरासत का एक अंतरराष्ट्रीय उदाहरण हैं।
उन्होंने लोगों से ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र का पालन करते हुए आत्मनिर्भर और बेहतर भारत के निर्माण का संकल्प लेने का आग्रह किया। यह उत्सव संस्कृति मंत्रालय, गुजरात पर्यटन और युवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम विभाग द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।