बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर भाजपा का ‘जनजातीय गौरव अभियान’, सोनभद्र में मुख्यमंत्री सम्मेलन में लेंगे हिस्सा
उत्तर प्रदेश में भाजपा बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर 'जनजातीय गौरव अभियान' आयोजित कर रही है। मुख्यमंत्री इस अवसर पर सोनभद्र में एक सम्मेलन में भाग लेंगे, जहाँ जनजातीय विकास से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह अभियान बिरसा मुंडा की विरासत को सम्मान देने और जनजातीय समुदायों के योगदान को रेखांकित करने के लिए है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती ‘जनजातीय गौरव अभियान’ के रूप में मनाएगी। 12 से 15 नवंबर तक सभी जिलों में जनजातीय स्मारकों पर स्वच्छता अभियान, दीपोत्सव और पुष्पार्चन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत प्रदेश में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 15 को सोनभद्र में भव्य जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन होगा, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कान्फ्रेस में बताया कि भाजपा बिरसा मुंडा की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाएगी तथा राष्ट्र और संस्कृति के लिए सर्वस्व समर्पण करने वाले बिरसा मुंडा के संदेश को लेकर जनमानस के बीच पहुंचेगी।
15 नवंबर 1875 को झारखंड में जन्मे बिरसा ने स्वराज, स्वदेशी और ग्राम स्वावलंबन का संदेश देकर आदिवासी समाज में जन-जागरण की अलख जगाई। उन्होंने कहा कि सम्मेलनों में जनजातीय समाज की कला, संस्कृति, नृत्य और युद्ध कौशल का प्रदर्शन करने के साथ ही गीत, नाटक और इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
15 नवंबर तक सभी मंडल मुख्यालयों पर जनजातीय गौरव स्वाभिमान सम्मेलन होंगे। सम्मेलनों में जनजातीय समाज के साथ सभी वर्गों को जोड़कर गीतों, काव्यों, नाटकों तथा जनजातीय कलाओं के माध्यम से राष्ट्रनायक का चरित्र जनमानस के बीच पहुंचेगा।
अभियान के प्रभारी प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश, संयोजक डा. संजय गोंड और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री विद्या भूषण गोंड तथा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सूरज सिंह सोमवंशी को सह संयोजक बनाया गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।