छठ का मुख्य पर्व आज, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगी महिलाएं; लखनऊ के इस घाट पर CM योगी होंगे शामिल
लखनऊ में छठ पूजा का आरंभ हो चुका है, रविवार से 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। व्रतियों ने गोमती नदी में स्नान करके सूर्य देव को अर्घ्य दिया। सोमवार को लक्ष्मण मेला स्थल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहाँ 200 लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। विकास नगर से आई प्रियंका कश्यप ने परिवार की खुशहाली के लिए व्रत रखा। महानगर पीएसी के तालाब में गंदगी के बीच पूजा होगी, जबकि खदरा के शिव मंदिर घाट पर फिसलन की समस्या बनी हुई है। घाट निर्माण की मांग की जा रही है।
-1761532453406.webp)
जागरण संवाददाता, लखनऊ। छोटी छठ (खरना) के साथ ही रविवार से 36 घंटे का निर्जला महाव्रत शुरू हो गया। व्रतियों ने घाटों पर छठी मइया के प्रतीक सुसोबिता की पूजा अर्चना से पहले गोमती नदी में स्नान किया और अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर महाव्रत की शुरुआत की। मुख्य पर्व सोमवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर होगा।
लक्ष्मण मेला स्थल पर होने वाले मुख्य आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होंगे। अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि शाम को पांच बजे मुख्यमंत्री के अलावा उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्तमंत्री सुरेश खन्ना, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, नगर विकास मंत्री एसके शर्मा व महापौर सुषमा खर्कवाल व विधायक ओपी श्रीवास्तव के अलावा कई मंत्री व विधायक शामिल होंगे। लोक गायिका कल्पना पटवारी (असम), गोपाल राय (बलिया) सुरेश शुक्ला (मुंबई) सहित 200 लोक कलाकार छठ गीत पेश करेंगे।
पहली बार पूजन करने का दिखा उत्साह
लक्ष्मण मेला स्थल पर छठ मइया के प्रतीक के पूजन और छोटी छठ के विधान और अर्घ्य के लिए विकास नगर से आईं प्रियंका कश्यप ने बताया कि बेटी के बाद बेटे की कामना और परिवार की खुशी के लिए छठ मइया का व्रत रख रही हूं। शाम को रसियाव (गुड़ की बनी खीर) खाने के साथ निर्जला महाव्रत शुरू हुआ।
केरवा फरेला घवद से ओहे पे सुगा मंडराय...और कांचहि बांस की बहंगिया...जैसे छठ गीतों के बीच छोटी छठ पर ही निराशा देवी, अंजू, आशा देवी, प्रियंका, कांती व सोनी समेत कई महिलाओं ने अर्घ्य देकर सुसोबिता की पूजा-अर्चना की। कानपुर रोड एलडीए कालोनी की सुनीता राय, मानस नगर की रंजना सिंह समेत महिलाओं ने खरना पूजन कर रसियाव का सेवन की व्रत की शुरुआत की।
महानगर पीएसी के गंदे तालाब में होगी पूजा
महानगर पीएसी परिसर में बने तालाब में पूजन होगा। महिलाओं ने सुसोबिता का निर्माण कर पूजन किया। तालाब की सफाई के बावजूद गंदगी बनी हुई है। व्रतियों का कहना कि जल कुंभी हटाई गई, लेकिन पानी में बदबू बनी हुई है। पानी के अंदर पूजन के दौरान पैर फिसलने का भी खतरा है। खदरा के शिव मंदिर घाट पर होने वाली छठ पूजा की तैयारियां व्रतियों ने की है। संयोजन धनंजय द्विवेदी ने बताया कि कच्चा घाट होने की वजह से फिसलन रहती है। घाट निर्माण के लिए कई बार प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन स्थित जस की तस है। महिलाएं पूजन के दौरान कई बार फिसल जाती हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।