PM के कार्यक्रम के दौरान सख्त सुरक्षा के निर्देश, CM योगी ने वाराणसी क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की तय की डेडलाइन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी दौरे पर प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की समीक्षा की। उन्होंने सुरक्षा, स्वच्छता और गंजारी क्रिकेट स्टेडियम क ...और पढ़ें

सर्किट हाउस में अधिकारियों व भाजपा पदाधिकारियो के साथ बैठक करते CM योगी आदित्यनाथ।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे। प्रधानमंत्री के संभावित दौरे के दृष्टिगत उन्होंने सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक की।
उन्होंने प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने भ्रमण कार्यक्रम के दौरान होने वाले महिला सम्मेलन के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन समेत वाहनों की पार्किंग, पेयजल आदि की व्यवस्था भी सुनिश्चित रहे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के अलावा पूरे शहर की बेहतर स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए स्ट्रीट डॉग एवं छुट्टे पशुओं को आश्रय स्थलों में रखे जाने का निर्देश दिया। कहा कि स्ट्रीट वेंडरों का भी समुचित व्यवस्थापन सुनिश्चित कराया जाय।
आमजन को न हो कोई परेशानी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम के दृष्टिगत सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने रूट डाइवर्जन की बेहतर व्यवस्था कराए जाने का निर्देश दिया, ताकि आम जनमानस को कोई परेशानी न होने पाए। बैठक में प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम के दौरान लोकार्पित एवं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं की बाबत मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी।
जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूरा कराएं स्टेडियम का निर्माण
मुख्यमंत्री ने रोपवे की परियोजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान तेजी से कार्य कराये जाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि गंजारी में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य को युद्धस्तर पर कराते हुए शीघ्र पूर्ण कराएं।
मंडलायुक्त ने बताया कि जुलाई के प्रथम सप्ताह तक स्टेडियम का कार्य पूर्ण करा लिया जायेगा। मुख्यमंत्री ने मणिकर्णिका घाट एवं दालमंडी के सड़क चौड़ीकरण का कार्य में तेजी लाते हुए गुणवत्ता के साथ समय से पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य, महापौर अशोक तिवारी, विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा, राय धर्मेंद्र सिंह, अश्वनी त्यागी, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, मंडलायुक्त एस राजलिंगम, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एडीजी जोन पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा समेत प्रशासन व पुलिस के सभी अधिकारी मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।